TRENDING TAGS :
Lakhimpur News: वृद्ध की रुकी पेंशन चालू कराने को डीएम खुद बने सहारा, परखी ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था
Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी में विकास भवन के औचक निरीक्षण के दौरान डीएम अंजनी कुमार सिंह ने एक वृद्ध की रुकी पेंशन तत्काल चालू कराने के निर्देश दिए।
Lakhimpur kheri News
Lakhimpur Kheri News: विकास भवन के औचक निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह का संवेदनशील और सख्त प्रशासनिक चेहरा एक साथ देखने को मिला। समाज कल्याण विभाग के निरीक्षण के दौरान शहर के निर्मल नगर निवासी वृद्ध सूरज प्रसाद वर्मा ने कई माह से वृद्धावस्था पेंशन न मिलने की शिकायत जिलाधिकारी से की। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने तत्काल संबंधित कर्मचारियों से जानकारी प्राप्त की। जांच में पता चला कि ई-केवाईसी न होने के कारण उनकी पेंशन रुकी हुई थी।
इस पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही स्वयं उपस्थित रहकर कनिष्ठ सहायक हेमंत कुमार से वृद्ध की ई-केवाईसी कराई तथा आवश्यक प्रपत्र उपलब्ध कराते हुए समस्या का तत्काल समाधान कराया। डीएम की तत्परता से वृद्ध के चेहरे पर राहत और संतोष साफ दिखाई दिया।निरीक्षण के दौरान विकास भवन परिसर में हरियाली और स्वच्छ वातावरण देखकर डीएम ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इस कार्य के लिए वरिष्ठ सहायक एवं सीडीओ स्टेनो बृजेश अवस्थी की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता और हरित वातावरण सकारात्मक कार्य संस्कृति के प्रतीक हैं।
मत्स्य विभाग के निरीक्षण के दौरान डीएम ने पाया कि एक कनिष्ठ सहायक लखनऊ से लौटकर कार्यालय पहुंचा है। कारण पूछने पर कर्मचारी ने बताया कि आहरण-वितरण संबंधी कार्यों के लिए मंडल स्तर पर जाना पड़ता है। इस पर डीएम ने व्यवस्था को सरल बनाने के उद्देश्य से जिला स्तर पर ही आहरण-वितरण का प्रभार सक्षम अधिकारी को सौंपे जाने संबंधी पत्रावली प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने पंचायत राज, अर्थ एवं संख्याधिकारी, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, कृषि, सहकारिता, लघु सिंचाई, मनरेगा, ग्राम्य विकास, बाल विकास एवं पुष्टाहार, मत्स्य, पशुपालन, आरईएस तथा पिछड़ा वर्ग कल्याण विभागों का भी निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों से उनके कार्य दायित्वों की जानकारी ली और ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था की समीक्षा की। कर्मचारियों ने अपने मोबाइल फोन पर ऑनलाइन उपस्थिति का विवरण दिखाकर अपनी उपस्थिति की पुष्टि कीनिरीक्षण के दौरान डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी शत-प्रतिशत ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करें। उन्होंने चेतावनी दी कि ऑनलाइन उपस्थिति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी कर्मचारी की उपस्थिति दर्ज नहीं पाई जाती है, तो उसका वेतन भुगतान प्रभावित हो सकता है।


