TRENDING TAGS :
Lakhimpur News: डीएम की बड़ी तैयारी! लखीमपुर खीरी में 17 दिन तक चलेगा जनकल्याण महाअभियान
Lakhimpur News: लखीमपुर खीरी में 5 से 21 जून तक जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान चलेगा। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने तैयारियों की समीक्षा की। अभियान में पौधरोपण, स्वास्थ्य शिविर, योग और विकास मेले आयोजित होंगे।
Lakhimpur News: लखीमपुर खीरी केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद में 05 जून से 21 जून तक समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत शासन की योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। तैयारियों को लेकर डीएम अंजनी कुमार सिंह ने जिला स्तरीय अधिकारियों संग बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। बैठक का संचालन सीडीओ अभिषेक कुमार ने किया।
डीएम ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और लोगों को विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी कार्यक्रमों का आयोजन पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जनसहभागिता के साथ किया जाए, ताकि उसका प्रभाव धरातल पर दिखाई दे।
डीएम ने बताया कि अभियान के दौरान गांवों और नगर निकायों में विकास एवं जनकल्याण मेले, रात्रि चौपाल, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, लाभार्थी संवाद, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण कार्यक्रम और योग आयोजन किए जाएंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कर कार्यक्रमों को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि सभी कार्यक्रम प्लास्टिक मुक्त होंगे। सादगी, अनुशासन, ईंधन बचत और संसाधनों के बेहतर उपयोग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे अभियान में सेवा, संस्कार, सुशासन और सम्मान की भावना परिलक्षित होनी चाहिए।
सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम पंक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही उन्होंने अभियान की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए अधिकारियों को उनके दायित्वों का स्पष्ट निर्धारण कराया।
पर्यावरण दिवस पर खीरी में रोपे जाएंगे 15.86 लाख पौधे
डीएफओ तापस मिहिर ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर 05 जून को जनपद में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। शासन की ओर से जिले को कुल 15,86,000 पौधे रोपने का लक्ष्य मिला है। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने सभी विभागों को पौध उठान की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। अभियान के तहत गुरुवार शाम 5 बजे तक सभी नोडल अफसर को अपनी रिपोर्ट वन विभाग के कंट्रोल रूम में दर्ज करानी होगी। मुख्य रूप से ग्राम्य विकास को 9.98 लाख, कृषि विभाग को 2.50 लाख, उद्यान को 1.67 लाख, पंचायती राज को 66 हजार, नगर विकास 7000 और वन विभाग को 98 हजार पौधे लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि जिला मुख्यालय पर सेठघाट नदी किनारे मुख्य पौधारोपण कार्यक्रम प्रस्तावित है। सभी बीडीओ वन विभाग के साथ समन्वय कर जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पौधारोपण सुनिश्चित करें। ब्लॉक, ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकायों में अमृत सरोवरों पर व्यापक जनसहभागिता के साथ वृक्षारोपण होगा। साथ ही जलकुंभी सफाई एवं प्लास्टिक फ्री जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
....ऐसे चलेगा 17 दिनों का अभियान
विश्व पर्यावरण दिवस पर 5 जून को "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जाएगा। अमृत सरोवरों, सड़कों तथा सार्वजनिक स्थलों पर फलदार और छायादार पौधे लगाए जाएंगे। 8 से 14 जून तक "सरकार आपके द्वार" कार्यक्रम के अंतर्गत प्रबुद्ध वर्ग से संवाद, स्वच्छता अभियान तथा मलिन बस्तियों में जनसमस्या समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसी अवधि में जनपद स्तर पर प्रेस वार्ता और विकास कार्यों की प्रस्तुति भी होगी।
14 से 16 जून तक सभी ब्लॉकों में 03 दिवसीय जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले लगाए जाएंगे, जहां विभिन्न विभागों की ओर से योजनाओं की जानकारी, पंजीकरण और लाभार्थी चयन की प्रक्रिया संपन्न होगी। भीषण गर्मी को देखते हुए पेयजल, छायादार पंडाल और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं।
16 और 17 जून को विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित होंगे, जिनमें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ, प्रबुद्धजन, युवा और महिलाएं सहभागिता करेंगे। 17 से 20 जून तक जिला मुख्यालय पर विकास प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदेश और देश में हुए प्रमुख विकास कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदर्शनी में युवाओं के लिए चित्रकला प्रतियोगिता और सेल्फी प्वाइंट भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
18 और 19 जून को प्राकृतिक खेती पर कार्यशालाएं आयोजित कर किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। अभियान का समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपदव्यापी योग कार्यक्रम, साइकिल यात्रा और जागरूकता रैलियों के साथ होगा।
इनकी रही मौजूदगी:
डीएफओ तापस मिहिर, कीर्ति, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एएसपी पवन गौतम, डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह, पीडी, डीपीआरओ विशाल सिंह, बीएसए प्रवीण तिवारी, डीआईओएस विनोद कुमार मिश्र, डीआईओ NIC महेंद्र सिंह, एडीईओ नरेंद्र कुमार सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। वही ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वर्चुअल शामिल हुए।


