Lakhimpur लखीमपुर खीरी में प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने योजनाओं की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश

Lakhimpur Kheri: लखीमपुर खीरी में प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने विकास योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश दिए

Sharad Awasthi
Published on: 31 May 2026 9:24 PM IST
Lakhimpur लखीमपुर खीरी में प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने योजनाओं की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश
X

Lakhimpur Kheri News 

Lakhimpur Kheri News : भ्रमण कार्यक्रम के अनुसार जिले के प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल लखीमपुर खीरी पहुंचे, उनके जनपद आगमन पर डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसपी डॉ ख्याति गर्ग, सीडीओ अभिषेक कुमार ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।अटल सभागार में आयोजित बैठक में प्रभारी मंत्री ने विकास कार्यों की प्रगति,प्रभावशीलता एवं क्रियान्वयन पर सामूहिक समीक्षा बैठक ली।

बैठक में डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसपी डॉ ख्याति गर्ग, सीडीओ अभिषेक कुमार, सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, एमएलसी अनूप गुप्ता, जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, विधायक योगेश वर्मा, अमन गिरी, शशांक वर्मा, ब्लॉक प्रमुख पवन गुप्ता समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पहुँचे। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि जिले में मुख्यमंत्री और शासन की मंशा के अनुरूप पात्रों को योजनाओं का लाभ देकर समृद्ध किया जा रहा है। सभी अधिकारी इसे और अच्छे से क्रियान्वित कराएँ और सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।

15 जून तक बाढ़ सुरक्षा कार्य पूरे करने का लक्ष्य

बाढ़ एवं कटान निरोधक 12 परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान जियो ट्यूब और जियो बैग तकनीक से हो रहे कार्यों की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी स्वीकृत परियोजनाएं 15 जून तक पूरी कर ली जाएंगी। जनप्रतिनिधियों के सुझावों को प्राथमिकता से लागू करने के निर्देश भी दिए गए।

जल निगम (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान सड़क पुनर्स्थापन (रोड रेस्टोरेशन) कार्यों की धीमी प्रगति पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने 90 प्रतिशत से अधिक पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को तत्काल क्रियाशील करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनता को योजनाओं का लाभ शीघ्र मिलना चाहिए।

मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल विंग में विद्युत कनेक्शन की प्रगति की जानकारी ली गई। वहीं आयुष्मान भारत, टीकाकरण, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और जननी सुरक्षा योजना की प्रगति की भी समीक्षा हुई। आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण की समीक्षा में बताया गया कि दो वित्तीय वर्षों में 283 के सापेक्ष 237 केंद्रों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य प्रगति पर हैं।

एमएसपी खरीद और किसान योजनाओं की भी समीक्षा

गेहूं खरीद की समीक्षा में अधिकारियों ने बताया कि 6900 किसानों से 52 हजार मीट्रिक टन से अधिक खरीद की जा चुकी है, जो लक्ष्य का 66 प्रतिशत है। वहीं पीएम किसान सम्मान निधि की पहली किस्त जिले के 5.91 लाख से अधिक किसानों के खातों में भेजी जा चुकी है। पीडी एसएन चौरसिया ने पीएम आवास/सीएम आवास (ग्रामीण) और पीओ (डूडा) संगीता सिंह ने पीएम आवास (शहरी) की अद्यतन प्रगति बताई।

गोवंश संरक्षण और स्वयं सहायता समूहों पर जोर

समीक्षा में सीवीओ डॉ दिनेश सचान ने बताया कि जिले में 130 गो-आश्रय स्थल संचालित हैं तथा 12,518 गोवंश मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत संरक्षित हैं। वही प्रभारी मंत्री ने स्वयं सहायता समूहों के गठन और महिला सशक्तिकरण योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा की।

गेस्ट हाउस से कलेक्ट्रेट तक पैदल पहुंचे प्रभारी मंत्री, अफसरों-जनप्रतिनिधियों संग नापी सड़क

आमतौर पर वीआईपी मूवमेंट में वाहनों का काफिला चर्चा में रहता है, लेकिन रविवार को जिले के प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने अलग अंदाज दिखाया। लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन से कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में आयोजित बैठक में शामिल होने के लिए उन्होंने वाहन की बजाय पैदल चलना पसंद किया।

प्रभारी मंत्री जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पैदल ही निरीक्षण भवन से निकले और बातचीत करते हुए अटल सभागार पहुंचे। इस दौरान सड़क पर मौजूद लोगों की नजरें भी उनके इस सहज और सादगीपूर्ण अंदाज पर टिक गईं। आमतौर पर चंद मिनटों की दूरी भी वाहन से तय करने वाले वीआईपी कल्चर के बीच प्रभारी मंत्री का यह कदम चर्चा का विषय बना रहा।

Shalini Rai

Shalini Rai

News Publisher Mail ID - raishalini910@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story