TRENDING TAGS :
Lakhimpur News: खीरी में प्रेमी से शादी की जिद, 150 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी किशोरी, पुलिस ने बचाया
Lakhimpur News: लखीमपुर खीरी में प्रेमी से शादी की जिद में किशोरी 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ी, पुलिस ने समझाकर सुरक्षित उतारा।
Lakhimpur Kheri News
Lakhimpur News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के तिकुनिया क्षेत्र में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किशोरी अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग को लेकर करीब 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी समझाने-बुझाने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।
यह घटना तिकुनिया थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत खैरेटिया बाजार की है। ग्रामीणों ने सबसे पहले टावर के ऊपरी हिस्से पर एक व्यक्ति को बैठे देखा। जींस पहने होने और चेहरा दुपट्टे से ढका होने के कारण शुरुआत में उसकी पहचान नहीं हो सकी। बाद में पता चला कि वह एक किशोरी है, जो अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग को लेकर टावर पर चढ़ गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और तिकुनिया कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाल अवनीश कुमार ने स्थानीय लोगों की मदद से किशोरी को काफी देर तक समझाया। लंबे प्रयास के बाद वह टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हुई।सुरक्षित नीचे उतारने के बाद पुलिस किशोरी को तिकुनिया कोतवाली ले गई, जहां उसके परिजनों को भी बुलाया गया। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) शिवम कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इस घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की है।


