Lakhimpur Kheri News:रेलवे ट्रैक पर हार्मिंग मशीन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, मचा हड़कंप

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ क्षेत्र में केशवापुर के पास रेलवे ट्रैक पर कार्य कर रही हार्मिंग (टैंपिंग) मशीन की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक अमन वर्मा की मौत हो गई।

Sharad Awasthi
Published on: 16 Jun 2026 5:58 PM IST
Lakhimpur Kheri News:रेलवे ट्रैक पर हार्मिंग मशीन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, मचा हड़कंप
X

Lakhimpur kheri News

Lakhimpur Kheri News: गोला गोकर्णनाथ क्षेत्र में केशवापुर के पास रेलवे ट्रैक पर गिट्टियों (पत्थरों) को दुरुस्त करने वाली मशीन की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक का सिर, एक हाथ और दोनों पैर कटकर शरीर से अलग हो गए। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद मामले की सूचना गोला जीआरपी (GRP) को दी गई। यह घटना केशवापुर रेलवे क्रॉसिंग से कुछ दूरी पर पोल संख्या 160/1 और 160/2 के बीच मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुई।मृतक की पहचान पास के ही गाँव भेलवा निवासी राजाराम के 22 वर्षीय पुत्र अमन वर्मा के रूप में हुई है।

सूचना मिलते ही जीआरपी के संदीप बालियान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। शुरुआत में आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर शव की शिनाख्त नहीं हो सकी, लेकिन जब जीआरपी टीम ने मृतक की जेब की तलाशी ली, तो मिले दस्तावेजों से उसके पते की जानकारी हुई। इसके बाद तत्काल परिजनों को सूचित किया गया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और वे रोते-बिलखते मौके पर पहुँचे।

जीआरपी ने घटना की जानकारी स्थानीय गोला थाना पुलिस को भी दे दी है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस वीभत्स हादसे के बाद इलाके में दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जाँच की जा रही है। स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेंगे।

Sharad Awasthi
ABOUT THE AUTHOR

Sharad Awasthi

Next Story