Lakhimpur Kheri News: मिदनिया–एसएसबी रोड बनेगी हाई-स्टैंडर्ड, मेमोरियल रोड पर डीएम का एक्शन

Lakhimpur Kheri News: डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल से मिदनिया–एसएसबी सड़क का चौड़ीकरण शुरू, वहीं मेमोरियल हाल रोड पर घटिया निर्माण मिलने पर भुगतान रोका गया

Sharad Awasthi
Published on: 13 Dec 2025 5:31 PM IST
DM’s action on Midania–SSB Road Banegi High-Standard, Memorial Road
X

मिदनिया–एसएसबी रोड बनेगी हाई-स्टैंडर्ड, मेमोरियल रोड पर डीएम का एक्शन (Photo- Newstrack)

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी। जिला मुख्यालय की वर्षों पुरानी मांग मिदनिया तिराहा–एसएसबी रोड को अब नई पहचान मिलने जा रही है। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल पर इस महत्वपूर्ण मार्ग पर हाई-स्टैंडर्ड सीसी रोड का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। वहीं दूसरी ओर, मेमोरियल हाल रोड पर घटिया निर्माण मिलने पर डीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए भुगतान पर रोक लगा दी है।

मिदनिया–एसएसबी रोड का चौड़ीकरण

मिदनिया तिराहे से एसएसबी बटालियन होते हुए शहर सीमा तक जाने वाली सड़क को 3 मीटर से बढ़ाकर 5.30 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। सड़क के दोनों ओर इंटरलॉकिंग, पक्की नालियों का निर्माण और बाईपास से सीधा कनेक्शन प्रस्तावित है, जिससे यातायात को बड़ी राहत मिलेगी। यह कार्य अवस्थापना विकास निधि व विकास शुल्क निधि से 1.94 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है।


डीएम का स्थलीय निरीक्षण

शनिवार को डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह व अधिकारियों की टीम के साथ पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने गुणवत्ता, लेवलिंग, ढलाई और कार्य की गति की समीक्षा करते हुए साफ कहा कि निर्माण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सड़क निर्माण में बाधक बिजली पोलों को शिफ्ट करने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए गए।


मेमोरियल हाल रोड पर सख्ती

नगर पालिका क्षेत्र की मेमोरियल हाल रोड पर औचक निरीक्षण के दौरान जगह-जगह उखड़ती बजड़ी देख डीएम नाराज हो गईं। उन्होंने अवर अभियंता को फटकार लगाते हुए स्पष्ट किया कि गुणवत्ता सुधरे बिना भुगतान नहीं होगा। सड़क पर चूने से चिन्हांकन कर आज ही सैंपल लेने तथा 7वें और 14वें दिन दोबारा जांच के आदेश दिए गए।


जलभराव पर स्थायी समाधान

अंबेडकर तिराहे पर बार-बार होने वाले जलभराव को लेकर डीएम ने स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नाली पर अतिक्रमण हटाने और पानी की निर्बाध निकासी पर विशेष जोर दिया गया।


इनकी रही मौजूदगी

निरीक्षण में पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता तरुणेन्द्र त्रिपाठी, विद्युत एक्सईएन शैलेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार अश्विनी कुमार, प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Sharad Awasthi
ABOUT THE AUTHOR

Sharad Awasthi

वरिष्ठ संवाददाता, लखीमपुर खीरीLakhimpurSharadAwasthi@newstracksite.vocalwire.com
Next Story