TRENDING TAGS :
Lakhimpur News: मोहर्रम को लेकर जिला शांति समिति की बैठक, डीएम-एसएसपी ने जारी किए सख्त दिशा-निर्देश
Lakhimpur Kheri News: डीएम अंजनी कुमार सिंह और एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने ताजियों की ऊंचाई 12 फीट तक सीमित रखने, अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन पर रोक और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
Lakhimpur kheri News
Lakhimpur Kheri News: मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं परंपरागत ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने की। इस दौरान डीएम और एसएसपी ने धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत नागरिकों से संवाद कर आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति व्यवस्था के साथ पर्व मनाने की अपील की। बैठक का संचालन एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि मोहर्रम गम और मातम का पर्व है, जिसे गरिमापूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा ताजियों की ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होगी। उन्होंने कहा कि पूर्व की घटनाओं से सबक लेते हुए सभी को निर्धारित नियमों का पालन करना होगा, अन्यथा शरारती तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने कहा कि प्रशासन और पुलिस लगातार सभी समुदायों के संपर्क में हैं तथा त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई के निर्देश देते हुए सभी से सहयोग की अपील की। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत नागरिकों से प्राप्त सुझावों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने कहा कि त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, वहीं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में आमजन की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से धैर्य, संयम और आपसी भाईचारे के साथ गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखने की अपील की।एसएसपी ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों से सतर्क रहने तथा किसी भी अपुष्ट जानकारी को साझा न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। माहौल बिगाड़ने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने आश्वस्त किया कि संभ्रांत नागरिकों एवं धर्मगुरुओं द्वारा साफ-सफाई, बिजली, पानी आदि से संबंधित जो महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए हैं, उनका समयबद्ध समाधान कराया जाएगा। उन्होंने नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों (ईओ) एवं जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) को निर्देश दिए कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए, विशेषकर धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष स्वच्छता व्यवस्था रखी जाए।बैठक में एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह और एएसपी पूर्वी पवन गौतम ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी, एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता राजीव कुमार यादव, डिप्टी सीएमओ डॉ. धनीराम, डीपीआरओ विशाल सिंह सहित बड़ी संख्या में धर्मगुरु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


