TRENDING TAGS :
Lakhimpur News: उर्वरक बिक्री पर सख्त निगरानी, पीओएस मशीन से ही होगी खाद की बिक्री
Lakhimpur News: लखीमपुर खीरी में डीएम ने उर्वरक वितरण व्यवस्था पर सख्ती के निर्देश दिए। पीओएस मशीन से बिक्री और तय दर से अधिक वसूली पर कार्रवाई होगी।
Lakhimpur News(Photo-Social Media)
Lakhimpur News: खरीफ सीजन 2026 से पहले जिले में उर्वरक वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और नियंत्रित बनाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उर्वरक समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि, सहकारिता और गन्ना विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ उर्वरक कंपनियों के प्रतिनिधि और थोक विक्रेता मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी उर्वरक बिक्री केंद्र सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक अनिवार्य रूप से संचालित किए जाएं। उन्होंने कहा कि उर्वरक की बिक्री केवल पीओएस मशीन के माध्यम से ही की जाएगी और किसी भी प्रकार की मैनुअल बिक्री स्वीकार नहीं होगी। किसानों से खतौनी और फार्म रजिस्ट्री की प्रति लेकर ही उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही स्टॉक और वितरण रजिस्टर को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उर्वरकों के संतुलित उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को पीएम प्रणाम योजना के तहत यूरिया के सीमित उपयोग और एनपीके उर्वरकों के उपयोग के प्रति जागरूक किया जाए। कृषि विज्ञान केंद्र ने भी किसानों को फसलों के अनुसार अनुशंसित उर्वरक मात्रा अपनाने की सलाह दी।
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि उर्वरक की कालाबाजारी, टैगिंग या निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने की किसी भी शिकायत पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए जिला, तहसील और ब्लॉक स्तर पर निगरानी समितियों को सक्रिय रखने और नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने भारत-नेपाल सीमा से लगे क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए। साथ ही सभी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने को कहा गया है। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि खरीफ 2026 के लिए सभी प्रमुख उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।


