Lakhimpur Kheri News: चोरी के दौरान हिंसक झड़प, ग्रामीणों की पिटाई से हिस्ट्रीशीटर की मौत

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर में चोरी के दौरान ग्रामीणों और चोरों के बीच झड़प में हिस्ट्रीशीटर की मौत हो गई। दो युवक घायल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Sharad Awasthi
Published on: 23 May 2026 1:39 PM IST
Lakhimpur Kheri News
X

Lakhimpur Kheri News(Photo-Social Media)

Lakhimpur Kheri News: थाना खमरिया क्षेत्र के राजापुर बाजार गांव में शुक्रवार रात चोरी की कोशिश के दौरान बड़ा बवाल हो गया। सुशील पुत्र श्रीराम के घर चोरी करने पहुंचे चोर को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों और चोरों के बीच हिंसक संघर्ष हो गया, जिसमें चोरों ने गृहस्वामी के भतीजे अंकित (25) और सतीश (18) पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने थाना खमरिया क्षेत्र के मंदुरा निवासी हिस्ट्रीशीटर चोर मुन्नीलाल पुत्र शिवराज को दौड़ाकर केले के खेत में पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निर्मल तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी निर्मल तिवारी ने बताया कि मृतक मुन्नीलाल एक कुख्यात अपराधी था, जिस पर चोरी, लूट सहित विभिन्न धाराओं में थाना खमरिया, ईसानगर और अन्य थानों में लगभग 35 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मामले की जांच के साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

महिलाओं की बहादुरी से पकड़ा गया आरोपी

गांव की सुशीला पत्नी सुशील और सुंदरा पत्नी सुभाष ने बताया कि चोरों की आहट पाकर वे जाग गईं। घर में सामान बिखरा देखकर उन्हें चोरी का शक हुआ। इसी दौरान उन्होंने एक व्यक्ति को घर के अंदर देखा, जबकि दो-तीन अन्य चोर छत और बाहर मौजूद थे। महिलाओं ने हिम्मत दिखाते हुए हिस्ट्रीशीटर मुन्नीलाल का विरोध किया। इसी बीच घर की छत पर सो रहे अंकित और सतीश भी नीचे आ गए और उन्होंने भी आरोपी का सामना किया। आरोपी ने भागने की कोशिश करते हुए दोनों युवकों पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और केले के खेत की ओर भागा, जहां ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया।

मौत के बाद क्षेत्र में तनाव और चर्चा

मुन्नीलाल की मौत की खबर शनिवार सुबह फैलते ही क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया। कुछ ग्रामीणों ने कहा कि वह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल था और क्षेत्र में चोरी की घटनाओं से लोग परेशान थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस घटना में शामिल अन्य लोग कौन थे। प्रशासन ने कहा है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Anjali Soni

Anjali Soni

News Publisher Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story