Lakhimpur Kheri News: चोरी का माल खरीदने वाला व्यापारी गिरफ्तार, 8 मुकदमों में वांछित था

Lakhimpur Kheri News: ईसानगर पुलिस ने चोरी के जेवरात के साथ व्यापारी को गिरफ्तार किया। आरोपी कई थानों में दर्ज 8 मामलों में वांछित था, पुलिस ने जेल भेजा।

Sharad Awasthi
Published on: 30 May 2026 7:36 PM IST
Trader who bought stolen goods arrested
X

चोरी का माल खरीदने वाला व्यापारी गिरफ्तार, 8 मुकदमों में वांछित था (Photo- Newstrack)

Lakhimpur Kheri: लखीमपुर खीरी के खमरिया क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ईसानगर पुलिस को शनिवार को एक और महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में लगातार कार्रवाई कर रही पुलिस ने चोरी का माल खरीदने और उसे छिपाने के मामले में वांछित एक सर्राफा व्यापारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही क्षेत्र में खुशी का माहौल देखने को मिला। वहीं स्थानीय लोग नवागत थाना प्रभारी की कार्यशैली की जमकर सराहना कर रहे हैं।

शुक्रवार की कार्रवाई के बाद शनिवार को फिर हुई गिरफ्तारी

गौरतलब है कि शुक्रवार को ईसानगर पुलिस ने अंतर्जनपदीय आधा दर्जन अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए शनिवार को पुलिस ने चोरी के माल की खरीद-फरोख्त से जुड़े एक आरोपी को दबोच लिया। पुलिस की लगातार कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।

बेलतुआ पावर हाउस के पास से दबोचा गया आरोपी

ईसानगर पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थानाध्यक्ष बृजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय रूप से कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने चोरी का माल खरीदने और उसे छिपाने के मामले में वांछित जितेन्द्र रस्तोगी पुत्र राधेश्याम रस्तोगी निवासी ग्राम एवं कस्बा खमरिया, थाना खमरिया को बेलतुआ पावर हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया।

कब्जे से बरामद हुए चोरी के दो पीली धातु के झाले

पुलिस ने गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी के माल में शामिल दो पीली धातु के झाले बरामद किए। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की और उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए भेज दिया।

कई थानों में दर्ज हैं मामले, आठ मुकदमों में चल रही कार्रवाई

इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विभिन्न थानों में दर्ज चोरी के मामलों में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ थाना ईसानगर, धौरहरा और खमरिया में दर्ज कुल आठ मुकदमों में कार्रवाई चल रही है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

अपराधियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

थाना प्रभारी बृजेश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस की प्राथमिकता क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करना है। लगातार हो रही गिरफ्तारियों से पुलिस के अभियान को मजबूती मिली है और क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा का भरोसा भी बढ़ा है।

Sharad Awasthi
ABOUT THE AUTHOR

Sharad Awasthi

Next Story