Lakhimpur kheri News: रक्षाबंधन पर महिलाओं को योगी सरकार की सौगात, तीन दिन मुफ्त बस यात्रा सुविधा

Lakhimpur kheri News: रक्षाबंधन पर योगी सरकार ने महिलाओं को तीन दिन मुफ्त बस यात्रा की सौगात दी है। 29 अगस्त से 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को पूरे प्रदेश में निशुल्क रोडवेज यात्रा की सुविधा मिलेगी।

Sharad Awasthi
Published on: 26 Aug 2026 6:07 PM IST
Lakhimpur kheri News: रक्षाबंधन पर महिलाओं को योगी सरकार की सौगात, तीन दिन मुफ्त बस यात्रा सुविधा
X

Lakhimpur kheri News

Lakhimpur Kheri News: रक्षाबंधन पर बहनों के लिए मायके की राह आसान करने के साथ ही योगी सरकार ने मातृशक्ति के सम्मान और सुविधा को नई उड़ान दी है। रक्षाबंधन के अवसर पर 27 अगस्त को प्रातः 6 बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक सभी महिलाएं अपने एक सहयात्री के साथ रोडवेज और सिटी बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। इसके साथ ही 29 अगस्त से 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को पूरे प्रदेश में रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। सरकार की इस सौगात से त्योहार पर महिलाओं के चेहरे खिल उठे

इस अवसर पर बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं ने देखा और सुना। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक योगेश वर्मा, विनोद शंकर अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता और पालिकाध्यक्ष डॉ. ईरा श्रीवास्तव ने जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार के साथ किया।

महिलाओं और महिला परिचालकों को भी मिला सम्मान

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं के साथ उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में कार्यरत महिला परिचालकों को भी सम्मानित किया। उन्हें साड़ी और मिठाई का डिब्बा भेंट किया गया। रक्षाबंधन से पहले मिली इस सौगात और सम्मान से कार्यक्रम स्थल पर उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम का सफल संयोजन सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, लखीमपुर डिपो, गीता सिंह और एआरटीओ शांति भूषण पांडेय ने संयुक्त रूप से किया। संचालन पीटीओ डॉ. कौशलेंद्र यादव ने किया।

बहनें आसानी से पहुंचेंगी मायके’

सदर विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। तीन दिन तक महिलाएं अपने एक सहयात्री के साथ निशुल्क बस यात्रा कर सकेंगी। इससे बहनों को भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के लिए मायके पहुंचने में सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, रसोइयों और शिक्षामित्रों के मानदेय में वृद्धि के साथ ही पात्र परिवारों को आयुष्मान गोल्डन कार्ड की सुविधा भी दे रही है। मातृशक्ति के लिए यह शुरुआत है, आगे और सौगातें मिलेंगी।

बुजुर्ग महिलाओं के लिए तीर्थयात्रा होगी आसान : जिलाध्यक्ष

भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना’ महिलाओं के सम्मान और सुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को 29 अगस्त से पूरे प्रदेश में निशुल्क रोडवेज यात्रा की सुविधा मिलने से बुजुर्ग माताओं के लिए धार्मिक और तीर्थस्थलों की यात्रा भी सुगम होगी। उन्होंने इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताया।

अहिल्याबाई के नाम पर योजना, संस्कृति से सुविधा तक का संदेश

विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर ने देश के प्रमुख तीर्थस्थलों पर मंदिरों के निर्माण और जीर्णोद्धार के माध्यम से भारतीय संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके नाम पर शुरू की गई योजना महिलाओं को सम्मान, सुविधा और आत्मनिर्भरता से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

इनकी रही मौजूदगी

जिला महामंत्री राजेश सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष संतोष कुमारी एवं किरण अग्रवाल, जिला मंत्री रश्मि गुप्ता, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा लता श्रीवास्तव, जिला महामंत्री महिला मोर्चा कीर्ति गुप्ता एवं प्रतिभा भदौरिया, डीसी एनआरएलएम जितेंद्र कुमार मिश्र, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक लखीमपुर डिपो एवं गोला डिपो सहित बड़ी संख्या में जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Sharad Awasthi
ABOUT THE AUTHOR

Sharad Awasthi

वरिष्ठ संवाददाता, लखीमपुर खीरीLakhimpurSharadAwasthi@newstracksite.vocalwire.com
Next Story