Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर में रसोइयों को चार सौगातें, मानदेय बढ़ा और बीमा-इलाज का लाभ भी

Lakhimpur Kheri News: योगी सरकार ने रसोइयों का मानदेय तीन हजार रुपये किया, दो लाख का दुर्घटना बीमा और पांच लाख तक कैशलेस इलाज के साथ वस्त्र भत्ते में भी बढ़ोतरी की, रसोइयों को खुशी।

Sharad Awasthi
Published on: 23 Aug 2026 8:36 PM IST
Remuneration of cooks increased and insurance-treatment benefits also
X

लखीमपुर में रसोइयों को चार सौगातें, मानदेय बढ़ा और बीमा-इलाज का लाभ भी (Photo- Newstrack)

Lakhimpur News: सुबह स्कूल की घंटी बजने के साथ कक्षाओं में पढ़ाई शुरू होती है, लेकिन उससे पहले ही विद्यालय की रसोई में बच्चों के भविष्य की तैयारी शुरू हो जाती है। रसोई में पकने वाला भोजन और बच्चों की थाली में पहुंचने वाला हर निवाला उनके स्वास्थ्य, पढ़ाई और सपनों से जुड़ा है। इसी जिम्मेदारी को देखते हुए योगी सरकार ने परिषदीय विद्यालयों की रसोइयों के लिए एक साथ चार बड़ी सौगातों का ऐलान किया है। अब रसोइयों का मानदेय दो हजार रुपये से बढ़ाकर तीन हजार रुपये कर दिया गया है। इसके साथ ही दुर्घटना की स्थिति में दो लाख रुपये का बीमा कवर, रसोइया या परिवार के किसी सदस्य के लिए सालाना पांच लाख रुपये तक निशुल्क उपचार और वस्त्र भत्ते में दोगुनी बढ़ोतरी का लाभ भी मिलेगा।

अटल सभागार में हुआ रसोइया सम्मान समारोह

कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में रसोइया सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रसोइयों के चेहरों पर सरकार की सौगातों को लेकर खुशी साफ नजर आई। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने सीडीओ अभिषेक कुमार और बीएसए प्रवीण तिवारी के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह की लाइव स्ट्रीमिंग भी दिखाई गई। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को स्क्रीन पर देखकर रसोइयों में उत्साह नजर आया। इसके बाद डीएम और सीडीओ ने रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए और शाल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया।

बच्चों के स्वास्थ्य और भविष्य में रसोइयों की अहम भूमिका

रसोइयों को संबोधित करते हुए डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि यह रसोइयों के लिए हर्ष और सौभाग्य का दिन है। मुख्यमंत्री ने एक साथ चार सौगातें देकर उनके योगदान का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि रसोइयां केवल बच्चों के लिए भोजन तैयार करने का काम नहीं करतीं, बल्कि पौष्टिक भोजन के जरिए बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

डीएम ने कहा कि जब बच्चे स्वस्थ रहेंगे तो उनका मन पढ़ाई में लगेगा और उनकी सीखने की क्षमता भी बेहतर होगी। स्कूल में बच्चों को मिलने वाला पौष्टिक भोजन उनके बेहतर स्वास्थ्य के साथ उनकी शिक्षा से भी जुड़ा है। ऐसे में रसोइयों की जिम्मेदारी काफी महत्वपूर्ण है।

विकसित भारत की नींव मजबूत कर रही हैं रसोइयां

डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि आज छह से 14 वर्ष की उम्र के जिन बच्चों की रसोइयां देखभाल कर रही हैं, वही बच्चे आगे चलकर देश और प्रदेश की जिम्मेदारी संभालेंगे। यही बच्चे वर्ष 2047 के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में भूमिका निभाएंगे। इसलिए रसोइयों का काम केवल रसोई तक सीमित नहीं है, बल्कि वे देश के भविष्य की नींव को मजबूत करने में योगदान दे रही हैं।

उन्होंने रसोइयों से भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील की। साथ ही अपने दायित्व को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निभाने को कहा।

मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान पाकर सीमा सिंह ने बढ़ाया जिले का गौरव

लखीमपुर खीरी की रसोइया सीमा सिंह को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया। मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान मिलने पर सीमा सिंह ने जिले का गौरव बढ़ाया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में रसोइयों के योगदान को सराहा गया और उनके सम्मान के साथ सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण सौगातों की घोषणा की गई।

सरकार की इन घोषणाओं से रसोइयों को मानदेय बढ़ने के साथ दुर्घटना बीमा, कैशलेस चिकित्सा सुविधा और बढ़े हुए वस्त्र भत्ते का लाभ मिलेगा। समारोह में इन सुविधाओं को रसोइयों के योगदान के सम्मान और उनके सामाजिक सुरक्षा कवच से जोड़कर देखा गया।

Sharad Awasthi
ABOUT THE AUTHOR

Sharad Awasthi

वरिष्ठ संवाददाता, लखीमपुर खीरीLakhimpurSharadAwasthi@newstracksite.vocalwire.com
Next Story