Wrong Jaw Surgery Case: दाएं में हुआ दर्द तो कर डाला बाएं जबड़े का ऑपरेशन, यूपी के डाक्टरों का गजब कारनामा

Wrong Jaw Surgery Case: ललितपुर मेडिकल कॉलेज में डेंटिस्ट पर गलत जबड़े का ऑपरेशन करने और विरोध करने पर मरीज से मारपीट का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार ने डीएम और अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।

Aditya Kumar Verma
Published on: 15 May 2026 11:56 AM IST (Updated on: 15 May 2026 11:56 AM IST)
Lalitpur Wrong Jaw Surgery Case
X

Image Source- Social Media 

Wrong Jaw Surgery Case: उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में स्थित जिला मेडिकल कॉलेज एक बार फिर विवादों में घिर गया है। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के सरकारी दावों के बीच यहां एक डेंटिस्ट पर गंभीर आरोप लगे हैं। मामला मरीज के गलत जबड़े का ऑपरेशन करने और विरोध करने पर मारपीट से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना सामने आने के बाद पीड़ित परिवार में डर और आक्रोश का माहौल है।

इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंची थी पीड़िता

जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के नेहरू नगर निवासी जगदीश अहिरवार अपनी बेटी के इलाज के लिए जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि उनकी बेटी के दाएं जबड़े में लंबे समय से दर्द था और उसकी परेशानी लगातार बढ़ती जा रही थी।

मेडिकल कॉलेज में उनकी मुलाकात डेंटिस्ट डॉक्टर दीपक जैन से हुई। जांच के बाद डॉक्टर ने युवती के जबड़े का ऑपरेशन करने की सलाह दी। पीड़ित पिता का आरोप है कि ऑपरेशन के नाम पर डॉक्टर दीपक जैन ने उनसे 35 हजार रुपये ले लिए।

दाएं की जगह बाएं जबड़े का कर दिया ऑपरेशन

पीड़ित परिवार का आरोप है कि पैसे लेने के बावजूद डॉक्टर ने गंभीर लापरवाही बरती और दाएं जबड़े की जगह युवती के बाएं जबड़े का ऑपरेशन कर दिया।

बताया जा रहा है कि ऑपरेशन के दौरान जब युवती ने दर्द और परेशानी को लेकर आपत्ति जताई तो डॉक्टर ने उसके साथ ऑपरेशन थियेटर में ही मारपीट की। गलत ऑपरेशन के बाद जब युवती बाहर आई तो उसने पूरी घटना अपने पिता को बताई।

विरोध करने पर पिता से भी बदसलूकी का आरोप

युवती के पिता जगदीश अहिरवार का कहना है कि जब उन्होंने डॉक्टर की लापरवाही और व्यवहार का विरोध किया तो उनके साथ भी बदतमीजी की गई। घटना के बाद परिवार काफी डरा हुआ है और बेटी की हालत को लेकर चिंता में है।

सरकारी अस्पताल की व्यवस्था पर उठे सवाल

इस पूरे मामले ने जिला मेडिकल कॉलेज की कार्यप्रणाली और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि सरकारी अस्पताल में खुलेआम भ्रष्टाचार और लापरवाही हो रही है।

जगदीश अहिरवार ने डॉक्टर की कार्यशैली और कथित तानाशाही के खिलाफ जिलाधिकारी और मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से नहीं आई प्रतिक्रिया

फिलहाल इस मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं पीड़ित परिवार कार्रवाई और इंसाफ की मांग कर रहा है।

Aditya Kumar Verma

Aditya Kumar Verma

Mail ID - adityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा न्यूजट्रैक में कंटेंट राइटर हैं। ये लगभग आठ वर्ष से पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं और विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story