एक हफ्ते पुराना है LPG Tanker Blast का Video, मरने वालों की संख्या पहुंची 5, जानें पूरी सच्चाई

Kaushambi LPG Tanker Blast: कौशांबी के सिरोही टोल प्लाजा पर हुए भीषण एलपीजी टैंकर हादसे का एक हफ्ते बाद सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। टोल से टकराने के बाद गैस रिसाव हुआ, जेनरेटर तक गैस पहुंचते ही विस्फोट हो गया और आग ने पूरे टोल प्लाजा को चपेट में ले लिया। हादसे में अब मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।

Aditya Kumar Verma
Published on: 3 July 2026 8:18 PM IST
Kaushambi LPG Tanker Blast
X

Kaushambi LPG Tanker Blast

Kaushambi LPG Tanker Blast: उत्तर प्रदेश के कौशांबी (Kaushambi) जनपद के कोखराज (Kokhraj) थाना क्षेत्र स्थित सिरोही टोल प्लाजा (Sirohi Toll Plaza) पर हुए भीषण एलपीजी टैंकर (LPG Tanker) हादसे का सीसीटीवी (CCTV) वीडियो एक हफ्ते बाद सामने आया है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि टोल प्लाजा से टकराने के बाद टैंकर फट गया और गैस का तेजी से रिसाव शुरू हो गया। चंद सेकेंड के भीतर गैस करीब 30 से 40 फीट तक फैल गई और कुछ ही देर में पूरा इलाका आग की चपेट में आ गया।

यह हादसा 26 जून की सुबह करीब 6 बजकर 38 मिनट पर हुआ था। गुरुवार रात करीब 10 बजे इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इस हादसे में अब मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। राहगीर अनिल कुमार की आज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है, जबकि एक अन्य घायल का प्रयागराज (Prayagraj) में इलाज जारी है।

जेनरेटर तक पहुंची गैस, फिर हुआ बड़ा धमाका

वीडियो में दिखाई दे रहा है कि टोल प्लाजा परिसर में जेनरेटर (Generator) चल रहा था। टैंकर से लीक हुई गैस धीरे-धीरे जेनरेटर तक पहुंच गई। इसके बाद अचानक जोरदार धमाका हुआ और चारों तरफ आग फैल गई। आग की लपटें 25 से 30 फीट तक ऊंची उठने लगीं। कुछ ही मिनटों में पूरा टोल प्लाजा आग की चपेट में आ गया।

प्रत्यक्षदर्शी वीडियो में यह भी दिख रहा है कि गैस रिसाव के दौरान टोल कर्मी अपनी जान बचाने के लिए टोल प्लाजा छोड़कर भागते नजर आए। हालांकि आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा टोल प्लाजा जलकर राख हो गया।

CCTV में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम

विशेषज्ञों द्वारा सर्वर से रिकवर किए गए सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि दो एलपीजी टैंकर एक साथ दो अलग-अलग लेन में टोल प्लाजा की ओर आते हैं। नंबर-1 लेन में चल रहा एलपीजी टैंकर अचानक टोल बैरियर की दीवार से टकरा जाता है।

टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर तुरंत फट गया और तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया। कुछ ही मिनटों में धुएं जैसी गैस पूरे टोल प्लाजा परिसर में फैल गई। गैस फैलने के दौरान दूसरी लेन से दो गाड़ियां तेजी से निकलती दिखाई देती हैं, जबकि बाकी वाहन खतरे को भांपते हुए करीब 100 मीटर पहले ही रुक जाते हैं।

दूसरी लेन में चल रहा एलपीजी टैंकर सुरक्षित तरीके से टोल गेट पार कर आगे निकल जाता है। इसके करीब तीन मिनट 31 सेकेंड बाद गैस टोल प्लाजा की बिल्डिंग में चल रहे जेनरेटर तक पहुंचती है और साइलेंसर (Silencer) से निकली चिंगारी आग का कारण बन जाती है।

16 बाइकें और दो कारें भी जलकर खाक

गैस लीकेज (Gas Leakage) के बाद लगी आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे टोल प्लाजा को अपनी चपेट में ले लिया। थोड़ी ही देर में प्लाजा पूरी तरह जलकर राख हो गया। टोल प्लाजा के यार्ड में खड़ी 16 बाइकें और दो कारें भी आग की चपेट में आकर जल गईं।

हादसे के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड (Fire Brigade) की टीम ने करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

टैंकर के अंदर मिली थीं चालक की हड्डियां

जब राहत और बचाव टीम ने टैंकर की जांच की तो टैंकर चालक धर्मेंद्र दुबे (Dharmendra Dubey) की हड्डियां बरामद हुईं। हादसे में उनकी जिंदा जलकर टैंकर के भीतर ही मौत हो गई थी। बताया गया कि टैंकर कानपुर (Kanpur) से प्रतापगढ़ (Pratapgarh) की ओर जा रहा था।

उसी दिन टोल कर्मचारी आलोक सिंह (Alok Singh) की भी मौत हो गई थी। बाद में टोल कर्मचारी अनिल कुमार निवासी हंडिया (Handia) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके बाद दो अन्य घायलों हीरामणि सिंह (Hiramani Singh) और कृष्णपाल मौर्य (Krishnapal Maurya) की भी मौत हो गई।

पांच लोगों की जा चुकी है जान

इस भीषण एलपीजी टैंकर हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में टैंकर चालक धर्मेंद्र दुबे, टोल कर्मचारी आलोक सिंह, टोल कर्मचारी हीरामणि सिंह, टोल कर्मचारी कृष्णपाल मौर्य और राहगीर अनिल कुमार शामिल हैं।

रायबरेली (Raebareli) के नसीराबाद (Nasirabad) थाना क्षेत्र के राजापुर (Rajapur) निवासी 29 वर्षीय हीरामणि सिंह अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। चार साल पहले उनके पिता वीरेंद्र बहादुर सिंह का निधन हो चुका था। परिवार में उनकी मां मायावती सिंह, पत्नी प्रतिभा सिंह और दो छोटे बेटे नौ वर्षीय युग और पांच वर्षीय वेद हैं।

वहीं मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के सीधी (Sidhi) जिले के जमोड़ी (Jamodi) थाना क्षेत्र के कठैली गांव के रहने वाले 23 वर्षीय कृष्णपाल मौर्य दो भाइयों में छोटे थे। उनके बड़े भाई वेद प्रकाश मौर्य के अनुसार वह पिछले दो वर्षों से कौशांबी के कोखराज स्थित सिरोही टोल प्लाजा पर कार्यरत थे।

टॉयलेट में बैठे सुपरवाइजर भी झुलसे थे

टोल कर्मचारी संजय निर्मल ने बताया था कि हादसे से करीब 10 मिनट पहले हल्की बारिश हुई थी। अचानक जोरदार आवाज के साथ पूरी गाड़ी धड़ाम से गिर गई। गैस रिसाव से भड़की आग टोल प्लाजा से सटे यार्ड और टॉयलेट तक पहुंच गई।

टॉयलेट में बैठे सुपरवाइजर आलोक पांडे (Alok Pandey) बुरी तरह झुलस गए थे। हादसे के बाद उनका सड़क पर भागते हुए वीडियो भी सामने आया था।

एक घायल का अभी भी चल रहा इलाज

इस हादसे में घायल अतुल कुमार मिश्रा (Atul Kumar Mishra) का प्रयागराज के बर्न वार्ड (Burn Ward) में इलाज जारी है। प्रशासन और राहत एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं, जबकि एक हफ्ते बाद सामने आया सीसीटीवी वीडियो इस भयावह हादसे की पूरी तस्वीर बयां कर रहा है।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

Content Writer Mail ID - adityakumarverma993@gmail.comadityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story