लखनऊ के युवाओं की खुलेगी किस्मत! ग्रेजुएट और पीजी छात्रों के लिए 1500 पदों पर भर्ती, जगह नोट कर लें.

Lucknow University Job Fair: लखनऊ विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध कॉलेजों के विद्यार्थियों के लिए 21 फरवरी को एक बड़ा रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है।

Shishumanjali kharwar
Published on: 15 Feb 2026 11:49 AM IST
Lucknow University Job Fair
X

Lucknow University Job Fair

Lucknow University Job Fair: उत्तर प्रदेश में स्नातक और परास्नातक छात्रों के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर सामने आया है। लखनऊ विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध कॉलेजों के विद्यार्थियों के लिए 21 फरवरी को एक बड़ा रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। इस मेले में लखनऊ पब्लिक कॉलेज ऑफ प्रोफेशन स्टडीज (एलपीसीपीएस) की भी सक्रिय भागीदारी रहेगी। विभिन्न कॉर्पोरेट साझेदारों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में अलग-अलग कंपनियां छात्रों का चयन करेंगी। रोजगार मेले की शुरुआत सुबह 8 बजे से गोमती नगर के विनम्रखंड स्थित एलपीसीपीएस परिसर में होगी।

विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट सेल के निदेशक प्रो. अनूप कुमार ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया और पात्रता संबंधी विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.lkouniv.ac.in पर उपलब्ध है। उन्होंने छात्रों से समय रहते पंजीकरण करने और आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने की अपील की है, ताकि चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसी के साथ लखनऊ विश्वविद्यालय अपनी कैंपस प्लेसमेंट सेल को और अधिक सक्रिय और अपडेट करने जा रहा है। युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए कॅरिअर काउंसिलिंग की भी शुरुआत की जाएगी। इसके लिए एक अलग कमेटी गठित की जाएगी, जो विद्यार्थियों के करियर संबंधी सवालों का समाधान करेगी। यह समिति न केवल निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों की जानकारी देगी, बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर भी मार्गदर्शन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि छात्रों को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि उद्योगों में सीधे उपयोग होने वाले व्यावहारिक कौशल भी सिखाए जाने चाहिए। इसी उद्देश्य से प्लेसमेंट सेल के माध्यम से निजी कंपनियों में चयनित छात्रों का एक डाटा बैंक भी तैयार किया जाएगा। इससे विश्वविद्यालय को यह जानने में मदद मिलेगी कि उसके छात्र किन-किन क्षेत्रों में कार्यरत हैं और भविष्य में उद्योगों के साथ सहयोग को किस प्रकार और मजबूत किया जा सकता है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने कहा कि छात्रों के लिए रोजगार की राह आसान बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि वे पढ़ाई के साथ-साथ अपने करियर की दिशा भी स्पष्ट कर सकें।

Shishumanjali kharwar
ABOUT THE AUTHOR

Shishumanjali kharwar

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story