TRENDING TAGS :
बुलडोजर, फेक एनकाउंटर और पुलिस… अखिलेश यादव ने एक साथ खोल दी योगी सरकार की पोल?
Akhilesh Yadav Attack on Yogi: अखिलेश यादव ने आचार्य नरेंद्र देव की जयंती पर योगी सरकार पर हमला बोला। बुलडोजर कार्रवाई, पुलिस एनकाउंटर, कस्टोडियल डेथ और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए।
Akhilesh Yadav Statement
Akhilesh Yadav Attack on Yogi: आचार्य नरेंद्र देव की 137वीं जयंती पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर राज्य और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। गोमती नदी के तट पर स्थित आचार्य नरेंद्र देव के समाधि स्थल पहुंचकर उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सपा के सैकड़ों नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। श्रद्धांजलि देने के बाद अखिलेश यादव ने कस्टोडियल डेथ, महिलाओं के खिलाफ अपराध, पुलिस एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सरकार पर कई सवाल उठाए।
कस्टोडियल डेथ और महिलाओं के खिलाफ अपराध पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री की जिम्मेदारियों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें कानून-व्यवस्था की वास्तविक स्थिति और उससे जुड़े आंकड़ों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री को यह देखना चाहिए कि देश में सबसे ज्यादा कस्टोडियल डेथ (Custodial Death) कहां हो रही हैं और किन राज्यों में पुलिस पर सबसे अधिक आरोप लग रहे हैं।
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश महिलाओं के खिलाफ अपराध और बेटियों पर हो रहे अत्याचार के मामलों में शीर्ष पर है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था की सही स्थिति आंकड़ों से सामने आती है और गृह मंत्री को इन मामलों की समीक्षा करनी चाहिए।
'अदालतें हैं तो बुलडोजर कैसे न्याय दे सकता है?'
बुलडोजर कार्रवाई (Bulldozer Action) और पुलिस एनकाउंटर (Police Encounter) को लेकर भी अखिलेश यादव ने सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "जब आपके पास अदालतें मौजूद हैं, तो बुलडोजर कैसे न्याय दे सकता है?"
उन्होंने स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की भूमिका पर भी सवाल उठाए। अखिलेश ने आरोप लगाया कि एसटीएफ का इस्तेमाल कथित तौर पर फेक एनकाउंटर (Fake Encounter) के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी आंकड़ों से यह सवाल उठता है कि प्रदेश में हत्याएं क्यों बढ़ रही हैं, दलित समाज के लोग सबसे ज्यादा पीड़ित क्यों हैं और जेलों में वंचित व शोषित समाज के लोगों की संख्या अधिक क्यों है। उन्होंने मुस्लिम समाज के साथ अन्याय होने का आरोप भी लगाया
डायल 100 और एम्बुलेंस सेवाओं को लेकर भी घेरा
अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार के दौरान शुरू की गई योजनाओं का जिक्र करते हुए डायल 100 (Dial 100) और एम्बुलेंस सेवाओं को लेकर भी मौजूदा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में सबसे बेहतर और तेजी से मदद पहुंचाने वाला रिस्पॉन्स सिस्टम समाजवादी पार्टी ने डायल 100 के रूप में शुरू किया था।
उनका आरोप है कि मौजूदा सरकार ने डायल 100 और जीवनदायिनी एम्बुलेंस सेवाओं के पूरे तंत्र को बर्बाद कर दिया है। पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार और आपसी खींचतान का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि अब स्थिति ऐसी हो गई है कि पुलिस ही पुलिस को पकड़ रही है।
सपा प्रमुख ने उम्मीद जताई कि केंद्रीय गृह मंत्री जब भी उत्तर प्रदेश आएं, तो पुलिस विभाग की जमीनी स्थिति की समीक्षा जरूर करें। उन्हें यह देखना चाहिए कि पुलिस इतनी भ्रष्ट और भेदभावपूर्ण क्यों होती जा रही है।


