'मुचुआ भी जाएंगे, जुमलू भी जाएंगे...'अखिलेश यादव की पोस्ट ने क्यों बढ़ाया सियासी पारा?

Akhilesh Yadav on Yogi Adityanath: दिल्ली में इंडिया गठबंधन की महारैली के बाद अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का जिक्र करते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ भी नहीं बचेंगे।

Shalni Kumari
Published on: 2 Nov 2026 4:16 PM IST
Akhilesh Yadav Statement
X

Akhilesh Yadav Statement

Akhilesh Yadav on Yogi Adityanath: दिल्ली के रामलीला मैदान (Ramlila Maidan) में इंडिया गठबंधन (INDIA Alliance) की महारैली के बाद समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा है। अखिलेश ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए तंज कसा कि इनके जाने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी नहीं बचेंगे। उन्होंने इंडिया गठबंधन की एकजुटता का भरोसा जताते हुए बीजेपी पर चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी करने के आरोप भी लगाए।

अखिलेश यादव रविवार को दिल्ली में आयोजित इंडिया ब्लॉक की महारैली में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने बीजेपी और योगी सरकार पर कई सवाल उठाए। लखनऊ लौटने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, “मुचुआ भी जाएंगे और जुमलू भी जाएंगे, ये यूपी के वनस्पतु भी बच नहीं पाएंगे! इंडिया जनबंधन ज़िंदाबाद!”

योगी आदित्यनाथ को लेकर अखिलेश का तंज

सपा अध्यक्ष की इस पोस्ट को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सीधे राजनीतिक हमले के तौर पर देखा जा रहा है। अखिलेश ने अपने बयान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ योगी आदित्यनाथ का नाम जोड़ते हुए दावा किया कि यूपी के मुख्यमंत्री भी इससे बच नहीं पाएंगे। हालांकि, उन्होंने इस पोस्ट में अपने दावे को लेकर कोई विस्तृत वजह नहीं बताई।

चुनाव आयोग और वोटर लिस्ट पर भी उठाए सवाल

रामलीला मैदान की रैली में अखिलेश यादव ने बीजेपी पर चुनाव आयोग (Election Commission) के साथ मिलकर मतदाता सूची (Voter List) में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने अन्याय और बेईमानी की सारी सीमाएं पार कर दी हैं और लोगों में उसके खिलाफ नाराजगी बढ़ रही है।

अखिलेश ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने कहा था कि उत्तर प्रदेश में 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के वोट कट गए हैं। सपा अध्यक्ष ने पूछा कि मुख्यमंत्री को यह आंकड़ा कहां से मिला? उनके मुताबिक, इतनी बड़ी संख्या से जुड़ी जानकारी सामान्य नहीं हो सकती, इसलिए यह भी स्पष्ट किया जाना चाहिए कि यह आंकड़ा किस आधार पर सामने आया।

वाराणसी MLC चुनाव का भी किया जिक्र

अखिलेश यादव ने वाराणसी विधान परिषद चुनाव (Varanasi MLC Election) में बीजेपी की हार का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बीजेपी के 'डबल इंजन' वाले नारे पर तंज कसते हुए कहा कि वाराणसी में पार्टी का डबल जीरो हो गया। इस तरह अखिलेश ने महारैली के मंच से लेकर लखनऊ लौटने के बाद तक बीजेपी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर अपना हमला जारी रखा।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story