GPO पर फिर जुटे आयुष इंटर्न डॉक्टर, ₹25 हजार स्टाइपेंड की मांग को लेकर प्रदर्शन

AYUSH Intern Doctors Protest: लखनऊ में आयुष इंटर्न डॉक्टरों ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर GPO पर प्रदर्शन किया। डॉक्टर ₹7,500 से बढ़ाकर ₹25,000 मासिक स्टाइपेंड करने की मांग पर आंदोलन कर रहे हैं।

Rajan Kashyap
Published on: 11 Sept 2026 2:23 PM IST
Lucknow News
X

Lucknow News

AYUSH Intern Doctors Protest: लखनऊ में आयुष इंटर्न डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन लगातार जारी है। मंगलवार को डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक के आवास पर प्रदर्शन के बाद शुक्रवार को आज बड़ी संख्या में आयुष इंटर्न डॉक्टर एक बार फिर अपनी मांगों को लेकर महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास GPO पर जुटे।

प्रदर्शन के दौरान डॉक्टरों के हाथों में पोस्टर और बैनर नजर आए। प्रदर्शनकारियों ने मौजूदा स्टाइपेंड को लेकर नाराजगी जताते हुए इसे बढ़ाने की मांग की। मौके पर प्रशासन की मौजूदगी भी रही और प्रदर्शनकारियों पर नजर रखी गई।

आयुष इंटर्न डॉक्टरों का आरोप है कि उन्हें फिलहाल ₹7,500 प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जा रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि मौजूदा महंगाई और प्रशिक्षण के दौरान होने वाले खर्च को देखते हुए यह राशि पर्याप्त नहीं है। उनकी प्रमुख मांग है कि इंटर्नशिप के दौरान मिलने वाले स्टाइपेंड को बढ़ाकर ₹25,000 प्रतिमाह किया जाए।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे लगातार सरकार और संबंधित अधिकारियों के सामने अपनी मांग रख रहे हैं, लेकिन अभी तक उनकी समस्या का अपेक्षित समाधान नहीं हुआ है। इसी के चलते डॉक्टरों ने मंगलवार को डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के आवास का रुख किया था और अब शुक्रवार को GPO पर एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की।

आयुष इंटर्न डॉक्टरों ने सरकार से जल्द उनकी मांग पर निर्णय लेने की अपील की है। डॉक्टरों का कहना है कि जब तक स्टाइपेंड बढ़ाने को लेकर ठोस फैसला नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रह सकता है।

फिलहाल GPO पर प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क है। डॉक्टरों की मांग और सरकार की ओर से होने वाली कार्रवाई पर अब सभी की नजर है।

Rajan Kashyap
ABOUT THE AUTHOR

Rajan Kashyap

Reporter - LucknowRajan.kashyap47@gmail.com
Next Story