Lucknow Bakrid: लखनऊ में सुबह 10 बजे पढ़ी जाएगी बकरीद की नमाज, अवैध पशुओं की बलि पर शासन सख्त

Lucknow Bakrid: लखनऊ के ऐशबाग ईदगाह और विभिन्न मस्जिदों में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया और ऐशबाग ईदगाह प्रशासन की ओर से नमाजियों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

Shishumanjali kharwar
Published on: 28 May 2026 9:27 AM IST
Lucknow Bakrid
X

Lucknow Bakrid

Lucknow Bakrid: ईद-उल-अजहा का पर्व पूरे देश में गुरुवार को अकीदत और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जाएगा। राजधानी लखनऊ के ऐशबाग ईदगाह और विभिन्न मस्जिदों में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया और ऐशबाग ईदगाह प्रशासन की ओर से नमाजियों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। खास बात यह है कि महिलाओं के लिए भी अलग से नमाज की व्यवस्था की गई है।

ऐशबाग ईदगाह के इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने बताया कि ईदगाह में सुबह 9 बजे तकरीर होगी, जिसके बाद सुबह 10 बजे ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की जाएगी। नमाज के दौरान देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी जाएगी। साथ ही भीषण गर्मी से राहत के लिए भी विशेष प्रार्थना की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि नमाज के बाद खुतबा ध्यान और खामोशी से सुनें, क्योंकि इसे सुनना जरूरी माना जाता है। शिया समुदाय के लोग बड़ा इमामबाड़ा स्थित आसिफी मस्जिद में सुबह 11 बजे बकरीद की नमाज अदा करेंगे। नमाज मौलाना रजा हैदर जैदी पढ़ाएंगे। शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जवाद ने लोगों से समय पर मस्जिद पहुंचने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

कुर्बानी का सिलसिला 30 मई तक जारी रहेगा

मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने कहा कि कुर्बानी का सिलसिला 30 मई तक जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करने और खुले स्थानों पर कुर्बानी न करने की अपील की। इधर, गंगा दशहरा और ईद-उल-अजहा को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने अवैध पशुवध रोकने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। प्रदेश के सभी जिलों में विशेष प्रशासनिक और पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो संवेदनशील इलाकों और पशुवधशालाओं का निरीक्षण करेंगी। सरकार ने साफ किया है कि केवल लाइसेंस प्राप्त स्लॉटर हाउस ही तय नियमों के अनुसार संचालित होंगे और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

Content Writer Mail ID -Shishulko@gmail.com

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story