TRENDING TAGS :
लखनऊ समेत देशभर में बैंक कर्मियों की एक दिवसीय हड़ताल, शाखाओं में ठप रहा कामकाज
Bank Employees Strike: यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर लखनऊ समेत देशभर में बैंक कर्मचारी एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। कर्मचारियों ने 5 वर्किंग डे समेत लंबित मांगें पूरी करने की मांग की।
Bank Strike
Bank Employees Strike: यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर शुक्रवार को लखनऊ समेत देशभर के बैंक कर्मचारी एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। हड़ताल के चलते भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, इंडियन बैंक समेत कई प्रमुख सरकारी बैंकों की शाखाओं में नियमित बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं। बैंक कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
लखनऊ में हजरतगंज स्थित इंडियन बैंक के बाहर बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी जुटे और सरकार व बैंक प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने पांच दिवसीय कार्य सप्ताह (5 वर्किंग डे) लागू करने समेत अन्य लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई।
बैंक कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से उनकी कई मांगें लंबित हैं। कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों पर लगातार मांग उठाने के बावजूद समाधान नहीं होने से उन्हें हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
हड़ताल के कारण शुक्रवार को बैंक शाखाओं में काउंटर से जुड़े सामान्य कामकाज प्रभावित रहे। हालांकि, डिजिटल बैंकिंग, यूपीआई, एटीएम और कुछ अन्य ऑनलाइन सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की संभावना है। बैंक कर्मचारी नेताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर सहमति नहीं बनी तो 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है।
इस दौरान यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के प्रदेश अध्यक्ष एसके संतानी समेत अन्य पदाधिकारियों ने कर्मचारियों को संबोधित किया और आंदोलन को मजबूती से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।


