योगी सरकार में बदली भदोही की तस्वीर! कालीन कारोबार को लेकर CM ने किया बड़ा ऐलान

Bhadohi Carpet Industry: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भदोही के कालीन उद्योग की वैश्विक पहचान और यूपी के निर्यात में 2.27 गुना बढ़ोतरी की जानकारी दी। तीन विधानसभा क्षेत्रों को 1,340 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी।

Newstrack Network
Published on: 4 Oct 2026 11:08 AM IST (Updated on: 4 Oct 2026 12:00 PM IST)
Bhadohi Handmade Carpets
X

 Yogi Adityanath 

Bhadohi Carpet Industry: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को उत्तर प्रदेश के विकास और निर्यात क्षेत्र में हासिल की गई उपलब्धियों को साझा करते हुए भदोही के कालीन उद्योग की भूमिका को प्रमुखता से रेखांकित किया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि कभी भदोही का हुनर अपने लिए बाजार और अवसर तलाशता था, लेकिन आज सरकार उसके विकास और विस्तार के लिए नए रास्ते खोल रही है। उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों में उत्तर प्रदेश का निर्यात लगभग 2.27 गुना बढ़कर दो लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। प्रदेश अब देश का पांचवां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य बन चुका है। इसमें भदोही के हस्तनिर्मित कालीन उद्योग का भी महत्वपूर्ण योगदान है।

दुनिया में बढ़ रही भदोही के हस्तनिर्मित कालीनों की मांग

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिन कारीगरों ने अपने हुनर और मेहनत से भदोही के कालीनों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाया, उन्हें वर्ष 2017 से पहले बुनियादी सुविधाओं और बेहतर अवसरों के लिए इंतजार करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार में अब यही पारंपरिक हुनर विकास और वैश्विक बाजार से जुड़ रहा है। हाथ से तैयार किए जाने वाले भदोही के कालीनों की दुनियाभर में मांग है। इनके माध्यम से उत्तर प्रदेश के पारंपरिक कौशल और कारीगरों की प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है।

इंडिया कारपेट एक्सपो के स्वर्ण जयंती संस्करण का शुभारंभ करेंगे सीएम

मुख्यमंत्री ने बताया कि वह रविवार को एशिया के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय हस्तनिर्मित कालीन व्यापार मेले 'इंडिया कारपेट एक्सपो' के स्वर्ण जयंती संस्करण का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर कालीन उद्योग से जुड़े निर्यातकों, विक्रेताओं और उद्यमियों के साथ संवाद भी करेंगे। इस आयोजन के जरिए प्रदेश के कालीन उद्योग को अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक अवसरों से जोड़ने और निर्यात को बढ़ावा देने पर जोर रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कारीगरों के हुनर को सम्मान, उद्यमों को विस्तार और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। भदोही की पारंपरिक विरासत को विकास से जोड़कर आगे बढ़ाना नए उत्तर प्रदेश की पहचान है।

भदोही समेत तीन विधानसभा क्षेत्रों को 1,340 करोड़ की सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह भी जानकारी दी कि इस अवसर पर भदोही, औराई और ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 1,340 करोड़ रुपये से अधिक की 112 विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और लोकार्पण किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को योजनाओं का हितलाभ भी प्रदान किया जाएगा। इन परियोजनाओं से तीनों विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने और स्थानीय स्तर पर बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भदोही के कालीन उद्योग की वैश्विक पहचान, स्थानीय कारीगरों का कौशल और विकास परियोजनाएं मिलकर क्षेत्र की आर्थिक समृद्धि के नए रास्ते तैयार कर सकती हैं। सरकार का लक्ष्य पारंपरिक उद्योगों को प्रोत्साहन देकर उन्हें वैश्विक बाजार में और मजबूत स्थान दिलाना है।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story