भाजपा बूथ अध्यक्ष का सिर फोड़ने वाला दरोगा सस्पेंड, पिस्टल की बट से किया था वार

Lucknow News: लखनऊ के बंथरा में भाजपा बूथ अध्यक्ष के घर कथित मारपीट और पिस्टल की बट से हमला करने के मामले में दरोगा सचिन यादव निलंबित किए गए। ADCP रल्लापल्ली वसंथ कुमार विभागीय जांच करेंगे।

Ashutosh Tripathi
Published on: 11 Sept 2026 1:38 PM IST
Lucknow News
X

Lucknow News

Lucknow News: लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में भाजपा बूथ अध्यक्ष के घर पहुंचकर कथित तौर पर मारपीट करने और पिस्टल की बट से सिर पर वार करने के मामले में आरोपी दरोगा सचिन यादव पर कार्रवाई हुई है। शुरुआती जांच में दोषी पाए जाने के बाद पुलिस अधिकारियों ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया था। वहीं, पूरे प्रकरण की विस्तृत विभागीय जांच की जिम्मेदारी ADCP रल्लापल्ली वसंथ कुमार को सौंपी गई है।

दुकान लगाने को लेकर हुआ विवाद, दोनों पक्ष पहुंचे थे थाने

जानकारी के मुताबिक, बंथरा के खसरवारा गांव निवासी भाजपा बूथ अध्यक्ष अरविंद रावत का बुधवार रात गांव के ही साहिल, सारजन और राहुल से दुकान लगाने को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई। अरविंद शिकायत लेकर बंथरा थाने पहुंचे और विपक्षियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांच का भरोसा देकर उन्हें घर भेज दिया। कुछ देर बाद दूसरा पक्ष भी थाने पहुंचा और अपनी शिकायत दर्ज कराई।

रात में पुलिस टीम पहुंची घर, परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

बताया जा रहा है कि रात करीब 11 बजे दरोगा सचिन यादव पुलिस टीम के साथ SHO की गाड़ी से अरविंद रावत के घर पहुंचे। अरविंद का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने घर में सो रहे परिवार को जगाया और गाली-गलौज के साथ मारपीट शुरू कर दी। शिकायत के मुताबिक, दरोगा ने अरविंद के भाई नरेंद्र के साथ लाठी से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची अरविंद की पत्नी नीतू के साथ भी अभद्रता की गई और उनके पेट में लात मारने का आरोप है।

पड़ोसी के घर तक पीछा करने का आरोप, पिस्टल की बट से सिर पर चोट

अरविंद के मुताबिक, मारपीट से बचने के लिए उनका भाई नरेंद्र पड़ोसी के घर चला गया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने वहां पहुंचकर भी उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान अरविंद ने विरोध किया तो आरोप है कि दरोगा सचिन यादव ने उन पर सरकारी पिस्टल तान दी। इसके बाद पिस्टल की बट से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। पीड़ित पक्ष ने ACP कृष्णानगर से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।

ACP की जांच में दरोगा का आचरण मिला गलत, अब विभागीय जांच

ACP कृष्णानगर अभिषेक पांडेय के मुताबिक, दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना पर दरोगा सचिन यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर गए थे। वहां अरविंद रावत के साथ विवाद की बात सामने आई। प्रारंभिक जांच में दरोगा का आचरण गलत पाए जाने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया है।

अब ADCP रल्लापल्ली वसंथ कुमार पूरे मामले की विस्तृत विभागीय जांच करेंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Ashutosh Tripathi
ABOUT THE AUTHOR

Ashutosh Tripathi

Chief Photojournalist Mail ID - tripathiashutosh88@gmail.comtripathiashutosh88@gmail.com

आशुतोष त्रिपाठी जन्म 17 अप्रैल 1988 एक भारतीय फोटोग्राफर और फोटो जर्नलिस्ट हैं। पत्रकारिता जीवन की शुरुआत बतौर रिपोर्टर वॉइस ऑफ़ मूवमेंट में हुई, इसके बाद 2013 में नव भारत टाइम्स में एक युवा फोटो जर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत थे। आशुतोष त्रिपाठी ने 2007 में एमिटी विश्वविद्यालय से मास्टर इन जर्नलिस्म एंड मास कम्युनिकेशन का कोर्स किया। 2010 में वौइस् ऑफ मूवमेंट अखबार में बतौर रिपोर्टर तीन साल काम किया। इसके बाद 2013 में नव भारत टाइम्स में एक युवा फोटो जर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत थे। 2014 में एक फोटोग्राफर बने और एक साल बाद दैनिक भास्कर उत्तर प्रदेश में सीनियर फोटोजर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत रहे। 2016 से लगातार newstrack.com में चीफ फोटोजर्नलिस्ट के पद पर कार्यरत हैं। 2015 में एक इनके द्वारा की गयी एक बुजुर्ग टाइपिस्ट की स्टोरी ने पूरी दुनिया ख्याति प्राप्त की। 2016 में इन्हें पत्रकारिता जगत में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए नारद पुरुस्कार से सम्मानित किया गया था । 2017 में फोटोग्राफी क्लब ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इंटरनेशनल फोटोग्राफी कम्पटीशन में इन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया । 2019 में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित कुंभ फोटोग्राफी प्रतियोगिता में इन्होंने तृतीय पुरुस्कार मिला था ।।

Next Story