मथुरा में BJP का चिंतन शिविर क्यों? सुरेंद्र राजपूत ने खोली अंदरूनी कलह की कहानी, उठाए सवाल

मथुरा में भाजपा के चिंतन शिविर पर कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने हमला बोला। योगी आदित्यनाथ, अमित शाह और संगठन के बीच खींचतान का आरोप लगाते हुए पूछा- बैठक का मकसद आंतरिक कलह खत्म करना है?

Rajan Kashyap
Published on: 17 Nov 2026 5:01 PM IST
मथुरा में BJP का चिंतन शिविर क्यों? सुरेंद्र राजपूत ने खोली अंदरूनी कलह की कहानी, उठाए सवाल
X

BJP Mathura Chintan Shivir: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मथुरा में भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय चिंतन शिविर को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने मंगलवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा के चिंतन शिविर पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा को चिंतन शिविर युवाओं, बेरोजगारों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के मुद्दों पर आयोजित करना चाहिए, लेकिन पार्टी अपनी आंतरिक कलह को खत्म करने के लिए बैठक कर रही है।

सुरेंद्र राजपूत ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के उस बयान पर भी सवाल उठाए, जिसमें उन्होंने कहा था कि संगठन से बड़ा कोई नहीं है। राजपूत ने तंज कसते हुए पूछा कि आखिर पंकज चौधरी की यह चेतावनी किसके लिए है? क्या यह संदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए है या फिर दोनों उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य के लिए है? उन्होंने सवाल किया कि क्या मथुरा में होने वाली चिंतन बैठक का असली मकसद भाजपा के भीतर चल रहे गृहयुद्ध को खत्म करना है?

कांग्रेस प्रवक्ता ने अयोध्या और मथुरा के धार्मिक स्थलों से जुड़े मुद्दों को भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या में जमीन घोटाला और चढ़ावे की चोरी जैसे मामले सामने आए हैं। वहीं, मथुरा कॉरिडोर के नाम पर मंदिरों को तोड़ा जा रहा है। उन्होंने भाजपा पर धार्मिक भावनाओं के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया।

वोटर लिस्ट और भाजपा के मुख्यमंत्री चेहरे पर भी साधा निशाना

सुरेंद्र राजपूत ने मतदाता सूची को लेकर भी भाजपा को घेरा। उन्होंने दावा किया कि आज जारी हुई नई वोटर लिस्ट में 19 लाख मतदाताओं के नाम कटे हैं, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक करोड़ 27 लाख वोट काटे जाने की बात कह रहे हैं। उन्होंने इन आंकड़ों को लेकर सवाल उठाते हुए भाजपा से जवाब मांगा।

भाजपा में मुख्यमंत्री पद के नेतृत्व को लेकर भी उन्होंने निशाना साधा। राजपूत ने कहा कि भाजपा में दो कार्यकाल मुख्यमंत्री रहने के बाद नेताओं को तीसरी बार मौका नहीं मिलता। इसके उदाहरण के तौर पर उन्होंने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह का नाम लिया।

उन्होंने राज्यपाल और मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों को लेकर भी टिप्पणी की। राजपूत ने दावा किया कि जिन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहते हैं, वहां राज्यपाल नहीं होतीं और जिन कार्यक्रमों में राज्यपाल रहती हैं, वहां मुख्यमंत्री नहीं होते।

अंत में उन्होंने कहा कि मथुरा में अमित शाह और योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में होने वाला चिंतन शिविर विकास और जनता के मुद्दों से ज्यादा भाजपा की आंतरिक खींचतान को लेकर चर्चा में है। कांग्रेस ने इस बैठक को भाजपा के भीतर नेतृत्व और संगठन के बीच चल रहे टकराव से जोड़कर सवाल खड़े किए हैं।

Rajan Kashyap
ABOUT THE AUTHOR

Rajan Kashyap

Reporter - LucknowRajan.kashyap47@gmail.com
Next Story