TRENDING TAGS :
BJP से बगावत, फिर सपा में एंट्री; संजयन त्रिपाठी को मिला अखिलेश का टिकट
Sanjayan Tripathi SP: UP MLC चुनाव से पहले सपा ने दो सीटों पर प्रत्याशी बदले हैं। BJP से बगावत करने वाले डॉ. संजयन त्रिपाठी को गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।
Sanjayan Tripathi
Sanjayan Tripathi SP: उत्तर प्रदेश में शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने अपने प्रत्याशियों को लेकर बड़ा बदलाव किया है। भाजपा से बगावत करने वाले डॉ. संजयन त्रिपाठी ने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है। लखनऊ में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में डॉ. संजयन त्रिपाठी ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इसके साथ ही सपा ने उन्हें गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अपना प्रत्याशी बनाने का फैसला किया है।
भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर किया था बगावत का ऐलान
डॉ. संजयन त्रिपाठी गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के टिकट के दावेदार थे। भाजपा ने उनकी जगह ध्रुव कुमार त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाया था। इसके बाद संजयन त्रिपाठी ने भाजपा के फैसले पर नाराजगी जताते हुए बगावत का ऐलान किया था। उन्होंने अपनी गाड़ी से भाजपा का झंडा हटाकर निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की थी।
2 अक्टूबर को उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन भी दाखिल किया था। लेकिन अब चुनावी मैदान में उतरने से ठीक पहले उनकी राजनीतिक स्थिति बदल गई है। अखिलेश यादव ने उन्हें सपा में शामिल कराया और पार्टी ने उन्हें इसी सीट से अपना उम्मीदवार बना दिया।
कमलेश यादव की जगह संजयन त्रिपाठी
समाजवादी पार्टी ने गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक सीट से पहले कमलेश यादव को अपना प्रत्याशी घोषित किया था। 3 अक्टूबर को कमलेश यादव के नामांकन का कार्यक्रम अचानक स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद सपा के भीतर प्रत्याशी बदलने की चर्चाएं तेज हो गई थीं।
अब पार्टी ने कमलेश यादव की जगह डॉ. संजयन त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है। प्रत्याशी बदलने की घोषणा सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की ओर से की गई है।
(वीडियो क्रेडिट- राजन कश्यप)
आगरा में भी बदला प्रत्याशी
सपा ने केवल गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट पर बदलाव नहीं किया है। आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भी पार्टी ने अपना प्रत्याशी बदला है। पहले रामप्रकाश गुप्ता को प्रत्याशी बनाया गया था। अब उनकी सहमति से डॉ. आकाश अग्रवाल को सपा ने अपना प्रत्याशी बनाया है।
इस तरह नामांकन प्रक्रिया के बीच सपा ने दो महत्वपूर्ण सीटों पर अपने उम्मीदवार बदल दिए हैं। 28 सितंबर को सपा ने यूपी की शिक्षक और स्नातक एमएलसी सीटों के लिए 11 उम्मीदवारों की घोषणा की थी। उस समय गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट से कमलेश यादव और आगरा शिक्षक सीट से प्रकाशचंद्र गुप्ता का नाम घोषित किया गया था। अब दोनों सीटों पर बदलाव कर दिया गया है।
23 अक्टूबर को होगा मतदान
उत्तर प्रदेश में शिक्षक और स्नातक कोटे की 11 विधान परिषद सीटों के लिए चुनाव होना है। नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर, नाम वापसी की तारीख 9 अक्टूबर, मतदान 23 अक्टूबर और मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।
गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट पर अब कमलेश यादव की जगह डॉ. संजयन त्रिपाठी सपा प्रत्याशी होंगे। वहीं आगरा शिक्षक सीट पर रामप्रकाश गुप्ता की सहमति से डॉ. आकाश अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया गया है।
नामांकन की अंतिम तारीख से ठीक पहले भाजपा से बगावत करने वाले डॉ. संजयन त्रिपाठी को सपा में शामिल कराकर पार्टी ने इस सीट के मुकाबले को नया रूप दिया है। अब सवाल यह है कि भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद बगावत करने वाले डॉ. संजयन त्रिपाठी सपा के टिकट पर ध्रुव कुमार त्रिपाठी को चुनौती दे पाएंगे या नहीं। इसका जवाब 23 अक्टूबर के मतदान के बाद मिलेगा।


