TRENDING TAGS :
'राहुल गांधी तो बंदर की तरह नाच रहे हैं...'कांग्रेस लीडर को लेकर ये क्या बोल गए BJP नेता?
Brij Bhushan Sharan Singh on Rahul Gandhi: बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने राहुल गांधी की तुलना बंदर के नाचने से करते हुए तंज कसा। बागपत में उन्होंने कांग्रेस नेता की उम्र और विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाए।
Brij Bhushan on Rahul Gandhi
Brij Bhushan Sharan Singh on Rahul Gandhi: देश की राजनीति में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर कोई नई बात नहीं है, लेकिन इस बार बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने सियासी तंज कसने के लिए बंदर के नाचने का उदाहरण दे दिया। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष का नेता ऐसा हो गया है, जैसे कोई बंदर नाच रहा हो और कभी इस चाल पर तो कभी उस चाल पर चल रहा हो। बृजभूषण ने राहुल गांधी की उम्र का जिक्र करते हुए यह भी कहा कि 55 साल के होने के बावजूद उनमें समझदारी विकसित नहीं हुई है।
बृजभूषण शरण सिंह रविवार को बागपत (Baghpat) पहुंचे थे। यहां सम्राट पृथ्वीराज चौहान डिग्री कॉलेज में आयोजित राजपूत स्वाभिमान महासम्मेलन (Rajput Swabhiman Mahasammelan) को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस, राहुल गांधी और कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janata Party) पर तीखे हमले किए। इस दौरान उन्होंने यूजीसी (UGC) को लेकर भी अपनी बात रखी।
राहुल गांधी को लेकर क्या बोले बृजभूषण?
बीजेपी के पूर्व सांसद ने कहा कि जब भी वह देश की दुर्दशा देखते हैं तो सबसे ज्यादा कांग्रेस के युवा नेता को कोसते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी 55 साल के हो गए हैं, लेकिन अब तक उनके भीतर समझदारी विकसित नहीं हुई। बृजभूषण के मुताबिक, अगर राहुल गांधी सही तरीके से विपक्ष की भूमिका निभाते तो देश और बेहतर प्रगति कर सकता था।
उन्होंने लोकतंत्र (Democracy) में सत्ता पक्ष के साथ मजबूत विपक्ष की भूमिका को भी जरूरी बताया। इसी संदर्भ में राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष का नेता ऐसा हो गया है, जैसे कोई बंदर नाच रहा हो। कभी इस चाल पर तो कभी उस चाल पर। उन्होंने कहा कि यह देखकर उन्हें दुख होता है, क्योंकि उनके बाबा वर्ष 1952 में कांग्रेस से विधायक थे और करीब दो साल बाद उनका निधन हो गया था।
बृजभूषण ने कहा कि भले ही वह अब कांग्रेस में नहीं हैं, लेकिन उनके बाबा की पार्टी होने के नाते उन्हें कांग्रेस से सहानुभूति है। हालांकि, मौजूदा नेतृत्व को देखकर उन्हें निराशा होती है।
CJP पर विदेश से फंडिंग मिलने का आरोप
अपने संबोधन में बृजभूषण शरण सिंह ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि ये लोग अपने आप नहीं आए हैं, बल्कि इन्हें भेजा गया है। बीजेपी नेता ने आरोप लगाया कि इनके आंदोलन खुद के नहीं हैं और इन्हें विदेश से फंडिंग (Foreign Funding) मिल रही है। उन्होंने लोगों से कहा कि ऐसे आंदोलनों के चक्कर में पड़ने की जरूरत नहीं है।
हालांकि, विदेश से फंडिंग मिलने को लेकर उन्होंने अपने आरोप के समर्थन में कोई विस्तृत जानकारी या प्रमाण पेश नहीं किया।
UGC को लेकर भी दिया बयान
बृजभूषण ने यूजीसी को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि यूजीसी न आया था और न ही कभी आएगा, इसलिए इसकी चिंता करने और इस मुद्दे पर बवाल करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि वह जो भी बोलते हैं, सोच-समझकर बोलते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपनी व्यस्तता और लोगों के बीच संवाद की कमी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह अपनी मन की बात किससे कहें, जब किसी के पास सुनने की फुर्सत नहीं है और हर कोई अपने-अपने काम में लगा हुआ है।


