TRENDING TAGS :
Lucknow News: उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बजट सत्र सोमवार से, 11 फरवरी को पेश होगा बजट
Lucknow News: उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बजट सत्र 9 फरवरी से शुरू, 11 फरवरी को वित्त मंत्री सुरेश खन्ना पेश करेंगे 2026-27 का बजट।
Lucknow News(Photo-Social Media)
Lucknow News: उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बजट सत्र वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सोमवार, 9 फरवरी से प्रारंभ होगा। सत्र के पहले दिन विधानमंडल के दोनों सदनों—विधानसभा और विधान परिषद—के संयुक्त सत्र में माननीय राज्यपाल आनंदी बेन पटेल का अभिभाषण होगा। 10 फरवरी को सदन के वर्तमान एवं पूर्व सदस्यों के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की जाएगी। इसके पश्चात सदन की नियमित कार्यवाही आगे बढ़ेगी। यह सत्र 20 फरवरी तक प्रस्तावित है।
11 फरवरी (बुधवार) को प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट विधानसभा में प्रस्तुत किया जाएगा। बजट प्रस्तुति के बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के तहत चर्चा की जाएगी। 13 फरवरी तक सदन की कार्यवाही नियमित रूप से संचालित होगी। 14 और 15 फरवरी को शनिवार व रविवार होने के कारण सदन की बैठक स्थगित रहेगी। इसके पश्चात 16 फरवरी से पुनः सदन की कार्यवाही आरंभ होगी।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सभी सदस्यों से सदन के सफल, मर्यादित और सुचारु संचालन में सहयोग करने की अपील की है। वहीं, नेता सदन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विधायकों से जनता से जुड़े मुद्दों को सदन में रखने और सकारात्मक व स्वस्थ चर्चा के माध्यम से प्रदेश के विकास को गति देने का आग्रह किया है।


