TRENDING TAGS :
Lucknow News: बुढवा मंगल पर आशियाना में गूंजा सुंदरकांड, हजारों लोगों ने ग्रहण किया प्रसाद
Lucknow News: आशियाना रेजीडेंट्स एसोसिएशन द्वारा बुढवा मंगल पर अटल सेवा केंद्र में सुंदरकांड पाठ और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। मातृशक्ति के भक्ति सुरों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा, वहीं हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
Budhwa Mangal Lucknow (Image Credit-Social Media)
“जा पर कृपा राम की होई, ता पर कृपा करत सब कोई”
Lucknow News: गोस्वामी तुलसीदास की इस चौपाई की गूंज जब सामूहिक स्वर में उठी, तो आशियाना का अटल सेवा केंद्र पूरी तरह बजरंगबली की भक्ति में लीन हो गया। लखनऊ में दूसरे बुढ़वा मंगल के पावन अवसर पर आशियाना रेजीडेंट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित सुंदरकांड पाठ और विशाल भंडारे ने न केवल धार्मिक आस्था का संदेश दिया, बल्कि सामाजिक एकता और सेवा भावना की मिसाल भी सबके सामने रखी।
कार्यक्रम की शुरुआत शाम चार बजे महिला यूनिट की संयोजक राजेश्वरी त्रिपाठी और शशि अग्निहोत्री के संयोजन में कालोनी की मातृशक्ति नें संगीत के सुरों के साथ सुंदरकांड का पाठ सम्पुट "जा पर कृपा राम की होई, ता पर कृपा करत सब कोई" के संग किया सुंदरकांड पाठ से की। कॉलोनी की महिलाओं ने मधुर भजनों और संगीत के सुरों के साथ सामूहिक पाठ किया। “जा पर कृपा राम की होई…” के सम्पुट के साथ वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा। उपस्थित श्रद्धालु भक्ति में सराबोर होकर झूमते नजर आए।
सुंदरकांड पाठ के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। प्रसाद में कचौड़ी-सब्जी, छोले-चावल, भरुआ और बेसन की बूंदी वितरित की गई। देर रात तक प्रसाद वितरण का सिलसिला चलता रहा। आयोजन में एसोसिएशन के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। आर.के. पांडे, ए.सी. अग्निहोत्री, अतुल टंडन, ए.के. बाजपेई, जनार्दन सिंह, जे.पी. पांडे, डी.के. बाजपेई, मनोज गुप्ता, अविनाश अग्रवाल, प्रतुल गुप्ता, राजेश सिक्का और शशि शर्मा ने प्रसाद वितरण की व्यवस्था संभाली।
कार्यक्रम में सरोजिनी नगर के विधायक राजेश्वर सिंह की उपस्थिति विशेष आकर्षण रही। विधायक ने हनुमान दरबार में श्रद्धापूर्वक मत्था टेका और उपस्थित मातृशक्ति से आशीर्वाद लिया। उन्होंने स्वयं भी प्रसाद वितरण में भाग लिया। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि अखिलेश सिंह और उनकी टीम ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।
इस आयोजन का एक महत्वपूर्ण पहलू सामाजिक संकल्प भी रहा। आशियाना रेजीडेंट्स एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री के आह्वान के अनुरूप समाजसेवा और सामुदायिक सहयोग को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। एसोसिएशन ने घोषणा की कि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर विधायक राजेश्वर सिंह के निर्देशन में “तारा देवी रसोईघर” संचालित किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा सके।
कार्यक्रम के अंत में एसोसिएशन के अध्यक्ष आर.के. पांडे, महासचिव ए.सी. अग्निहोत्री और सांस्कृतिक सचिव अतुल टंडन ने सभी सहयोगियों, महिलाओं और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
बुढ़वा मंगल का यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं रहा, बल्कि यह संदेश भी दे गया कि जब समाज आस्था, सेवा और सहयोग के सूत्र में जुड़ता है, तब उत्सव केवल परंपरा नहीं रहता—वह सामाजिक शक्ति बन जाता है।


