TRENDING TAGS :
आकाश आनंद को चंद्रशेखर आजाद का खुला न्योता, बोले- ‘साथ आएं, मिलकर पूरा करेंगे बाबा साहब का मिशन’
Chandrashekhar Azad: चंद्रशेखर आजाद ने आकाश आनंद को आजाद समाज पार्टी में शामिल होने का खुला न्योता दिया। लखनऊ में पंचायत सहायकों के प्रदर्शन के दौरान उन्होंने दलित राजनीति को लेकर बड़ा संदेश दिया।
Chandrashekhar Azad
Chandrashekhar Azad: नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने शनिवार को बसपा नेता आकाश आनंद को अपनी पार्टी में शामिल होने का खुला न्योता दिया। लखनऊ के ईको गार्डन में पंचायत सहायकों के प्रदर्शन में पहुंचे चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि अगर आकाश आनंद उनकी पार्टी में आते हैं तो दोनों मिलकर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के मिशन को आगे बढ़ाएंगे।
चंद्रशेखर आजाद ने कहा, “आकाश आनंद मेरी पार्टी में आ जाएं। हम दोनों मिलकर बाबा साहब का मिशन पूरा करेंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि बसपा में उनके लिए भले ही दरवाजे बंद हैं, लेकिन आकाश आनंद के लिए उनकी पार्टी के दरवाजे खुले हैं।
पंचायत सहायकों के प्रदर्शन में पहुंचे चंद्रशेखर
चंद्रशेखर आजाद शनिवार को लखनऊ के ईको गार्डन में पिछले कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे पंचायत सहायकों के बीच पहुंचे। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए पंचायत सहायक मानदेय बढ़ाने और सेवा से जुड़ी अन्य मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं।
प्रदर्शन के दौरान तेज धूप से बचने के लिए कई पंचायत सहायक छाता लेकर पहुंचे। चंद्रशेखर आजाद के धरना स्थल पर पहुंचते ही उनके समर्थकों में भी उत्साह देखने को मिला। कुछ समर्थक उन्हें देखने के लिए पेड़ पर तक चढ़ गए।
‘मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा’
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि पंचायत सहायकों की मांगों को लेकर उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे।
चंद्रशेखर आजाद ने कहा, “जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, हमारे भाई किसी की मांग नहीं भरेंगे।” उन्होंने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा।
पंचायत सहायक मानदेय में बढ़ोतरी के साथ-साथ अपनी सेवा की स्थिति और अन्य मांगों को लेकर सरकार से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन के बीच आकाश आनंद को पार्टी में आने का चंद्रशेखर आजाद का न्योता अब यूपी की सियासत में दलित राजनीति और आने वाले विधानसभा चुनाव के लिहाज से भी चर्चा का विषय बन गया है।


