TRENDING TAGS :
Lucknow News: आम महोत्सव के समापन पर मची अफरा-तफरी, स्टालों पर टूट पड़ी भीड़, देखे वायरल वीडियो
Lucknow News: उत्तर प्रदेश आम महोत्सव 2025 में मंच से घोषणा की गई कि समापन समारोह के तहत पुरस्कार वितरण शुरू होगा। इस घोषणा को मौजूद बड़ी संख्या में लोगों ने 'आम वितरण' समझ लिया और आमों की तरफ भीड़ दौड़ पड़ी।
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के अवध शिल्पग्राम में तीन दिनों तक चला आम महोत्सव रविवार को हंगामेदार घटनाक्रम के साथ समाप्त हुआ। महोत्सव के समापन की घोषणा के साथ ही मौजूद भीड़ अचानक स्टालों पर टूट पड़ी और आमों की लूट मच गई। दुपट्टों, पल्लुओं, थैलों और हाथों में भरकर लोग आम समेटते नजर आए। कुछ ही मिनटों में सारे स्टाल खाली हो गए और आयोजक स्थिति को संभालने में विफल रहे। इस घटना का विडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
आमों से थैले और कपड़े भरने लगे लोग
उत्तर प्रदेश आम महोत्सव 2025 में मंच से घोषणा की गई कि समापन समारोह के तहत पुरस्कार वितरण शुरू होगा। इस घोषणा को मौजूद बड़ी संख्या में लोगों ने 'आम वितरण' समझ लिया और आमों की तरफ भीड़ दौड़ पड़ी। फिर क्या देखते ही देखते लोग स्टालों पर चढ़ गए, आमों से थैले और कपड़े भरने लगे। पूरा परिसर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का केंद्र बन गया और आयोजन की गरिमा पर प्रश्नचिन्ह लग गया। महोत्सव के आयोजक स्थिति के दौरान मूकदर्शक बने रहे। जब हालात काबू से बाहर हो गए, तब उन्होंने हस्तक्षेप करने की कोशिश की, लेकिन बहुत देर हो चुकी थी।
सीएम योगी ने किया था 4 को उद्घाटन
इसके बाद आयोजकों ने स्वीकार किया कि उन्हें अंतिम दिन इतनी भीड़ उमड़ने का अंदाजा नहीं था। उन्होंने कहा कि अगली बार घटनाओं से बचने के लिए विशेष योजना बनाई जाएगी और समापन कार्यक्रम को अधिक सुनियोजित और सुरक्षित ढंग से आयोजित किया जाएगा। यह महोत्सव 4 जुलाई से 6 जुलाई 2025 तक चला, जिसमें आम की ढेरों किस्में प्रदर्शित की गईं। आमों की महक और स्वाद के साथ संस्कृति, साहित्य और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिला। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिरकत की और किसानों को सम्मानित किया था।
अंतिम दिन की अव्यवस्था की भरमार
महोत्सव में जाने-माने कलाकारों और कवियों की भी उपस्थिति रही। कवि डॉ. कुमार विश्वास ने अपनी ओजपूर्ण वाणी से समां बांधा, वहीं भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह की प्रस्तुति ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस कार्यक्रम में परिवार, युवा, बच्चे और बुजुर्ग सभी आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हालांकि आम महोत्सव के आयोजन को आम लोगों और किसानों ने एक अच्छा प्रयास बताया, लेकिन अंतिम दिन की अव्यवस्था ने पूरे आयोजन पर धब्बा लगा दिया। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसमें लोग थैलों और कपड़ों में आम भरते नजर आ रहे हैं।

