Lucknow News: योगी ने 15 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपे, पुलिस सेवा के साथ खेल जारी रखने का अवसर

Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में 15 राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। खिलाड़ियों को पुलिस सेवा में अवसर के साथ खेल जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

Newstrack Network
Published on: 8 Oct 2026 8:20 PM IST
Lucknow News
X

Lucknow News(Photo-Social Media)

Lucknow News: खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा और मेहनत से उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले 15 खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए। विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले इन खिलाड़ियों को सरकारी सेवा से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री ने उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। नियुक्ति पाने वाले खिलाड़ियों में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और दिल्ली के खिलाड़ी भी शामिल हैं।

इन खिलाड़ियों को मिला नियुक्ति पत्र

नियुक्ति पत्र पाने वालों में कुशीनगर की आइस प्रजापति (बॉक्सिंग), मेरठ के शार्दूल विहान (शूटिंग), लखनऊ के आमिर अली (हॉकी), उत्तराखंड के उधम सिंह नगर के हिमांशु तिवारी (बैडमिंटन), मुरादाबाद के मोहित पाल (शूटिंग), गाजीपुर की अनन्या राय (वॉलीबॉल), जबलपुर की रागिनी मार्को (तीरंदाजी), भदोही की तान्या चौधरी (एथलेटिक्स), बरेली की सुहानी राजपूत (भारोत्तोलन), लखनऊ की तनु भारती (साइकिलिंग), दिल्ली के प्रणय शर्मा (कराटे), वाराणसी के अभिषेक यादव (बॉक्सिंग), मुजफ्फरनगर के अमरेश (कबड्डी), गोरखपुर की प्रतिमा सरोज (हॉकी) और लखनऊ के अभय सिंह राठौर (बॉक्सिंग) शामिल हैं।

खेल अभी खत्म नहीं हुआ, पुलिस सेवा के साथ पदक जीतने का भी अवसर

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि नियुक्ति पत्र वितरण के कार्यक्रम लगातार होते हैं, लेकिन देश और प्रदेश का मान बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करने का गौरव अलग है। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने अपने खेल के माध्यम से प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है और अब उन्हें पुलिस सेवा के जरिए जनसेवा का अवसर मिलेगा।

उन्होंने नवचयनित खिलाड़ियों से कहा कि खेल प्रतिभा के आधार पर उन्हें पुलिस सेवा में आने का अवसर मिला है, लेकिन उनका खेल अभी खत्म नहीं हुआ है। पुलिस सेवा के साथ-साथ वे खेल के मैदान में भी देश और प्रदेश का गौरव बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की बेहतर स्थिति की चर्चा पूरे देश में हो रही है और ऐसे समय में पुलिस सेवा का हिस्सा बनना गौरव की बात है।

खेल प्रतिभाओं को सम्मान और रोजगार दे रही सरकार

उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों के लिए नई संस्कृति विकसित हुई है। सरकार ने खिलाड़ियों को सम्मान, रोजगार, बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, ओलंपिक, पैरालंपिक और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी और पुरस्कार राशि उपलब्ध कराई जा रही है। खिलाड़ियों को मिलने वाली पुरस्कार राशि में भी वृद्धि की गई है।

उन्होंने बताया कि जिन पदों पर पहले सेवा आयोग की परीक्षा के माध्यम से भर्ती होती थी, उन्हें आयोग के दायरे से बाहर कर कुशल खिलाड़ियों को सीधे भर्ती के माध्यम से अवसर देने की व्यवस्था की गई है। अब तक ऐसे 17 खिलाड़ियों को सीधी नियुक्ति दी जा चुकी है। खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के अनुरूप डिप्टी एसपी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी नियुक्तियां दी गई हैं।

470 प्रतिभाशाली खिलाड़ी पुलिस परिवार का हिस्सा बनेंगे

डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस में कुशल खिलाड़ियों को सम्मान और अवसर देने की नीति के तहत 470 प्रतिभाशाली खिलाड़ी पुलिस परिवार का हिस्सा बनने जा रहे हैं। इनमें आरक्षी नागरिक पुलिस एवं आरक्षी पीएसी के 427 खिलाड़ी और उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस के 43 खिलाड़ी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 से अब तक 950 कुशल खिलाड़ियों की भर्ती उत्तर प्रदेश पुलिस में की जा चुकी है। खेल खिलाड़ियों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व, धैर्य, फिटनेस और दबाव में सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करता है। ये सभी गुण पुलिस सेवा के लिए भी महत्वपूर्ण हैं।

डीजीपी ने बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन और शीर्ष उपलब्धियों पर पुलिस उपाधीक्षक पद तक सीधी नियुक्ति जैसी व्यवस्थाएं भी लागू हैं। अब तक कुशल खिलाड़ियों को निरीक्षक/दलनायक पीएसी के पद पर 14 आउट-ऑफ-टर्न पदोन्नतियां दी गई हैं। इनमें पांच महिलाएं और नौ पुरुष शामिल हैं।

इसी तरह उपनिरीक्षक/प्लाटून कमांडर के पद पर 59 आउट-ऑफ-टर्न पदोन्नतियां दी गई हैं, जिनमें 21 महिलाएं और 38 पुरुष हैं। मुख्य आरक्षी नागरिक पुलिस/पीएसी के पद पर भी 440 आउट-ऑफ-टर्न पदोन्नतियां दी जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस के खिलाड़ियों ने पिछले एक दशक में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अखिल भारतीय पुलिस प्रतियोगिताओं में 1105 पदक जीते हैं। वहीं वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स-2025 में यूपी पुलिस के खिलाड़ियों ने 95 पदक जीतकर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। डीजीपी ने कहा कि जब कोई खिलाड़ी मैदान पर पदक जीतता है तो उसके साथ उत्तर प्रदेश पुलिस, उत्तर प्रदेश और देश का नाम भी गौरवान्वित होता है। इसलिए कुशल खिलाड़ी केवल पुलिस संगठन के गौरव नहीं, बल्कि प्रदेश और उत्तर प्रदेश पुलिस के वैश्विक राजदूत भी हैं।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story