'देश को अस्थिर करने की साजिश', CM योगी के बयान से गरमाई सियासत, किस पर है निशाना?

CM Yogi Adityanath: CM Yogi Adityanath ने PM नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की आर्थिक प्रगति की सराहना की। साथ ही आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक ताकतें देश को अस्थिर करने और भारत की छवि खराब करने का प्रयास कर रही हैं।

Newstrack Network
Published on: 25 Oct 2026 11:38 AM IST
India Economic Growth
X

CM Yogi Adityanath

CM Yogi Adityanath: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी और निर्णायक नेतृत्व में भारत ने वैश्विक पटल पर अपनी आर्थिक शक्ति का नया अध्याय लिखा है। आज भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अग्रणी है। देश आत्मनिर्भरता, नवाचार और विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ नए भारत में लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत हुई हैं।

नीति निर्माण के केंद्र में आम जनता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि नए भारत में नीति निर्माण के केंद्र में आम जनता है। गरीब कल्याण शासन की प्राथमिकता है, अंत्योदय आत्मनिर्भरता का आधार है और जनभागीदारी विकास को जन-आंदोलन का रूप दे रही है।

उन्होंने कहा कि आस्था, अस्मिता और आत्मविश्वास से परिपूर्ण नए भारत में सामाजिक न्याय, नारी सशक्तीकरण, डिजिटल नवाचार और आर्थिक समृद्धि की संभावनाएं साकार हो रही हैं। विकास की यह यात्रा जनाकांक्षाओं को अवसरों में बदलते हुए राष्ट्र की सामर्थ्य का निरंतर विस्तार कर रही है।

देश को अलगाववाद में झोंकने का षड्यंत्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब दुनिया के कई हिस्से हिंसा और अस्थिरता से जूझ रहे हैं, तब भारत लोकतांत्रिक स्थिरता, आर्थिक प्रगति और सांस्कृतिक चेतना के साथ लगातार आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे समय में संकीर्ण मानसिकता वाली कुछ राजनीतिक ताकतें सत्ता के स्वार्थ में देश को अस्थिरता, अराजकता और अलगाववाद की भट्टी में झोंकने का षड्यंत्र रच रही हैं। ये ताकतें राष्ट्रीय हितों को ताक पर रखकर वैश्विक मंचों पर भारत की छवि धूमिल करने का लगातार प्रयास कर रही हैं।

विकास के लक्ष्य के प्रति अडिग संकल्प के साथ बढ़ रहा भारत

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इन चुनौतियों के बावजूद भारत अपने विकास के लक्ष्य के प्रति अडिग संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इस राष्ट्रीय यात्रा में उत्तर प्रदेश अपनी विशाल कृषि क्षमता, विस्तृत होते औद्योगिक आधार, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और युवा शक्ति के सामर्थ्य के बल पर प्रगति को गति दे रहा है।

उन्होंने कहा कि कृषि से विनिर्माण और निवेश से रोजगार सृजन तक, हर क्षेत्र में उत्तर प्रदेश आगे बढ़ रहा है और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

विकास की अविराम गति ही हमारा संकल्प

मुख्यमंत्री ने डबल इंजन सरकार के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि रखना, राष्ट्रीय एकता को अक्षुण्ण बनाए रखना और विकास की गति को अविराम जारी रखना सरकार का अटल संकल्प है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ भारत की प्रगति का यह महायज्ञ निरंतर जारी रहेगा।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story