TRENDING TAGS :
‘कल्याण सिंह टूट सकता है, लेकिन झुक नहीं सकता’: सीएम योगी, बाबूजी के जीवन और राम मंदिर आंदोलन को किया याद
Lucknow: हिंदू गौरव दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए उनके संघर्ष, सिद्धांतों और राम मंदिर आंदोलन में योगदान को याद किया। बोले, कल्याण सिंह टूट सकते थे, झुक नहीं सकते थे।
CM Yogi Adityanath
Lucknow: लखनऊ में आयोजित हिंदू गौरव दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए उनके जीवन, संघर्ष और सिद्धांतों को याद किया। सीएम योगी ने कहा कि उन्हें लंबे समय तक बाबूजी के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में रहने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि बड़ा आदमी पद से बड़ा नहीं होता, बल्कि अपनी सोच और कर्मों से बड़ा और महान होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अतरौली के एक सामान्य किसान परिवार में जन्म लेने वाले कल्याण सिंह अपनी कर्मठता, मूल्यों, सिद्धांतों के प्रति अडिग रहने और देश के प्रति समर्पण की भावना के चलते आगे बढ़े। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पाठशाला में तपे हुए स्वयंसेवक के रूप में उन्होंने किसान, शिक्षक, विधायक, मंत्री, मुख्यमंत्री, सांसद और राज्यपाल जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश को प्रथम मानने वाले और भारत के सनातन मूल्यों एवं आदर्शों को सर्वोपरि रखने वाले हर भारतीय के लिए बाबूजी हमेशा प्रेरणास्रोत रहेंगे। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा।
‘गलत काम के लिए कितना भी दबाव हो, बाबूजी नहीं झुकते थे’
सीएम योगी ने कल्याण सिंह के दृढ़ व्यक्तित्व का जिक्र करते हुए कहा कि गलत काम के लिए उन पर कितना भी बड़ा दबाव क्यों न बनाया जाए, वह कभी दबाव में आकर काम नहीं करते थे। वह कहा करते थे— “कल्याण सिंह टूट सकता है, लेकिन झुक नहीं सकता।” मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबूजी ने जीवनभर अपने इस वचन को निभाया।
राम मंदिर आंदोलन और कल्याण सिंह का संकल्प
राम जन्मभूमि आंदोलन का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कल्याण सिंह ने स्पष्ट कहा था कि संघर्ष स्वीकार है और सत्ता चली जाए, यह भी स्वीकार है, लेकिन प्रभु श्रीराम का अपमान स्वीकार नहीं है।
योगी ने कहा कि आज जब अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बन चुका है और रामलला विराजमान हैं, तो बाबूजी की स्मृति सदैव अंतःकरण में आती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संतों के संघर्ष, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मार्गदर्शन और विश्व हिंदू परिषद के नेतृत्व में चले राम जन्मभूमि आंदोलन का कल्याण सिंह ने खुलकर समर्थन किया। उन्होंने सत्ता गंवाना स्वीकार किया, लेकिन रामभक्तों पर गोली चलवाने के बजाय अपने सिद्धांतों पर कायम रहना चुना।
‘कल्याण सिंह अमर रहें’ के लगे नारे
भाषण से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से ‘कल्याण सिंह अमर रहें’ के नारे लगवाए। इसके बाद उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत की। भाषण के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे बदलावों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने समाजवादी पार्टी के PDA को लेकर भी निशाना साधा और विपक्ष की राजनीति पर सवाल खड़े किए। मुख्यमंत्री के संबोधन में कल्याण सिंह की राजनीतिक विरासत, राम मंदिर आंदोलन और राष्ट्रवादी विचारधारा प्रमुख रूप से केंद्र में रहे।


