TRENDING TAGS :
'सपाई और कसाई घर में शोक मनाएं...' गोंडा में योगी की दो टूक, अखिलेश की पार्टी पर फिर बरसे
CM Yogi Attack on Akhilesh Yadav: सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोंडा में सपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने 1990 में रामभक्तों पर गोलीबारी, दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा का जिक्र कर अखिलेश यादव की पार्टी को घेरा। साथ ही 520 करोड़ की 69 विकास परियोजनाओं की सौगात दी।
CM Yogi
CM Yogi Attack on Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोंडा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा जब भी सत्ता में आई, प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू और अपराध का माहौल बना। त्योहारों से पहले उपद्रव शुरू हो जाते थे और गरीबों के हक, युवाओं के रोजगार तथा बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा पर संकट खड़ा हो जाता था। सीएम ने कहा कि अब प्रदेश में न दंगे हैं और न कर्फ्यू, लोग निर्भय होकर अपने त्योहार मना रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोंडा के छपिया विकासखंड की ग्राम पंचायत तेजपुर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने गौरा और मनकापुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 520 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें सड़क, शिक्षा और सेतु से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, स्वीकृति पत्र और अन्य सामग्री भी वितरित की।
'सपाई और कसाई को परेशानी है तो अपने घर में शोक मनाएं'
सीएम योगी ने कहा कि पहले प्रदेश में सनातन धर्म (Sanatan Dharma) को मानने वाले लोग अपने घरों में मां दुर्गा की पूजा करते थे तो कुछ सपाई और कसाई इसका विरोध करते हुए शिकायत करते थे। इसके बाद लखनऊ में बैठी सपा सरकार पूजा पर रोक लगा देती थी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष नवरात्र (Navratri) के दौरान प्रदेशभर में 67 हजार दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गईं। अगर किसी सपाई या कसाई को इससे परेशानी है तो वह अपने घर में शोक मनाए, लेकिन दूसरों को परेशान न करे।
मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा (Kanwar Yatra) का जिक्र करते हुए कहा कि पहले इस यात्रा में बाधाएं खड़ी की जाती थीं, जबकि अब गाजियाबाद से हरिद्वार के बीच साढ़े चार करोड़ श्रद्धालु कांवड़ यात्रा में शामिल हुए।
रामभक्तों पर गोली चलाने वालों को दिलाई 2 नवंबर 1990 की याद
मुख्यमंत्री ने दो नवंबर 1990 को अयोध्या में हुई गोलीबारी की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इसी दिन तत्कालीन सरकार ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थीं। सीएम के मुताबिक, सपा ने रामभक्तों को गोलियों से लहूलुहान किया, जबकि भाजपा सरकार ने उन पर पुष्पवर्षा की और राम मंदिर (Ram Temple) निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया।
गोंडा में 16 हजार करोड़ की परियोजनाएं, 3 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव
सीएम योगी ने कहा कि पहले प्रदेश में विकास का मतलब केवल सैफई तक सीमित था, लेकिन अब सरकार की योजनाएं सभी 75 जिलों तक पहुंच रही हैं। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में गोंडा के लिए 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। वहीं, पूरे देवीपाटन मंडल में करीब 50 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी मिली है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2023 में गोंडा को तीन हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव (Investment Proposals) मिले थे, जिनमें से कई परियोजनाएं जमीन पर उतर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि पहले जिले की सड़कें बदहाल थीं और क्षेत्र पिछड़ेपन से जूझ रहा था। अब यहां महाराजा देवी बख्श सिंह मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय है। बहराइच में महाराजा सुहेलदेव मेडिकल कॉलेज बन चुका है, जबकि बलरामपुर में अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज का निर्माण अंतिम चरण में है। गोंडा-अयोध्या और बलरामपुर-गोंडा मार्ग के चौड़ीकरण को भी केंद्र सरकार से मंजूरी मिल चुकी है।
इसी सप्ताह 4,500 दरोगाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री ने युवाओं को रोजगार देने के मुद्दे पर कहा कि सरकार ने छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी (Government Jobs) देने की कार्ययोजना तैयार की है। अब तक 12 से 15 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि इसी सप्ताह साढ़े चार हजार दरोगाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। दीपावली के बाद 35 हजार पुलिस कांस्टेबलों और इसके बाद 42 हजार होमगार्डों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे।
सीएम ने कहा कि शिक्षकों और अन्य विभागों में भी भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। उनके मुताबिक, अब तक प्रदेश में साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं।
अग्निवीरों को 20 प्रतिशत आरक्षण और सीधी भर्ती
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चार वर्ष की सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों (Agniveers) को पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, वन और कारागार सहित विभिन्न विभागों में 20 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। उन्हें बिना परीक्षा सीधी भर्ती का अवसर भी मिलेगा। उन्होंने बताया कि पदक विजेता खिलाड़ियों को भी डिप्टी एसपी और खेल अधिकारी समेत विभिन्न पदों पर नियुक्तियां दी गई हैं।
'सुरक्षा में सेंध लगाई तो जेल या जहन्नुम'
मुख्यमंत्री ने बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर अपराधियों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि उनकी सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए जेल या जहन्नुम के अलावा कोई तीसरी जगह नहीं है। सीएम ने कहा कि अब माफिया विकास योजनाओं को रोक नहीं सकते। गोंडा के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे महानगरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि निवेश से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने के लिए पराली और गोबर से कंप्रेस्ड बायोगैस (Compressed Biogas) परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की बात कही। साथ ही बाबा पृथ्वीनाथ, मां बाराही और स्वामीनारायण छपिया जैसे धार्मिक स्थलों के विकास का भी उल्लेख किया।
सपा में माफिया राज, बसपा में जन्मदिन के नाम पर वसूली: कीर्तिवर्धन सिंह
केंद्रीय राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने भी कार्यक्रम में सपा और बसपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान प्रदेश में माफिया राज था, जबकि बसपा सरकार में पार्टी प्रमुख के जन्मदिन के नाम पर जनप्रतिनिधियों से वसूली की जाती थी।
उन्होंने कहा कि पहले लोगों को बिजली, राशन और महिलाओं की सुरक्षा जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। अब किसानों को सिंचाई के लिए बिजली, गरीबों को मुफ्त राशन और महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से रोजगार मिल रहा है। उन्होंने गोंडा में मेडिकल कॉलेज, पुलों और सड़कों के निर्माण का भी जिक्र किया।
गौरा में पांच राजकीय इंटर कॉलेज, मनकापुर में बढ़ीं सुविधाएं
गौरा से विधायक प्रभात वर्मा ने कहा कि उनके क्षेत्र में अब पांच राजकीय इंटर कॉलेज हैं। इसके अलावा सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और धार्मिक स्थलों के विकास के काम हुए हैं। वहीं, मनकापुर विधायक रमापति शास्त्री ने किसानों और आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने की बात कही और मुख्यमंत्री का आभार जताया।
लाभार्थियों को चेक, प्रमाण पत्र और आवास की चाबियां सौंपीं
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अलग-अलग सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, प्रमाण पत्र, चाबियां और अन्य सामग्री वितरित की। आयुष्मान भारत योजना (Ayushman Bharat Scheme) के तहत रामप्रताप को पांच लाख रुपये के स्वास्थ्य बीमा का प्रतीकात्मक कार्ड दिया गया। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से संगीता को 85 हजार रुपये का डेमो चेक और प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थी घनश्याम को आवास की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह से जुड़ी रेनू वर्मा को 12.73 करोड़ रुपये का डेमो चेक दिया गया। पंचायती राज विभाग की गोनार्द स्वच्छता मार्ट योजना के तहत मीना देवी को प्रतीकात्मक चाबी प्रदान की गई। श्रम विभाग की निर्माण कामगार मृत्यु एवं विकलांगता सहायता योजना के तहत झिनकना देवी को दो लाख रुपये का चेक सौंपा गया।
कृषि विभाग की एसएमएएम योजना के अंतर्गत कस्टम हायरिंग सेंटर की लाभार्थी शकुंतला को ट्रैक्टर की चाबी दी गई। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत बीनू पांडेय को 1.19 लाख रुपये का चेक, मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ संवर्धन योजना के तहत निर्मला देवी को 80 हजार रुपये का डेमो चेक और प्रमाण पत्र दिया गया। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के लाभार्थी मुश्ताक अहमद को 5.60 लाख रुपये का डेमो चेक सौंपा गया। मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के लाभार्थी रामतीरथ को प्रमाण पत्र और स्टडी टेबल वितरण योजना के तहत लकी सिंह को स्टडी टेबल दी गई।
बच्चों का अन्नप्राशन कराया, गर्भवती महिलाओं को दी पोषण किट
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभागीय स्टालों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन कराया और उन्हें चॉकलेट व खिलौने दिए। गर्भवती महिलाओं की गोदभराई में शामिल होकर पोषण किट वितरित कीं। इसके अलावा दिव्यांग महिलाओं को ट्राईसाइकिल और उपहार दिए गए। बाल संतों ने मंत्रोच्चार के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में विकास कार्यों पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई।
मुख्यमंत्री ने लोगों से सात नवंबर को होने वाले दीपोत्सव (Deepotsav) के अवसर पर जरूरतमंद परिवारों के साथ खुशियां बांटने की अपील की।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, सांसद करण भूषण सिंह, विधायक रमापति शास्त्री, प्रभात वर्मा, विनय कुमार द्विवेदी, प्रतीक भूषण सिंह, प्रेम नारायण पांडेय, बावन सिंह और अजय सिंह मौजूद रहे। इनके अलावा विधान परिषद सदस्य अवधेश कुमार सिंह और घनश्याम मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष इकबाल बहादुर तिवारी, मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल तथा जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन भी कार्यक्रम में शामिल हुए।


