TRENDING TAGS :
Lucknow News: मातृशक्ति के सम्मान से ही साकार होगा विकसित यूपी का संकल्प: सीएम योगी
Lucknow News: शारदीय नवरात्र पर सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को लिखा पत्र, महिला सुरक्षा और स्वावलंबन पर जोर।
CM Yogi Adityanath Navratri News
Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों के नाम पाती लिखकर उन्हें हृदय से मंगलकामनाएं दीं। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने मां दुर्गा की महिमा, प्रभु श्रीराम की शक्ति आराधना और नवरात्र के आध्यात्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पर्व अहंकार, दुराग्रह, आसक्ति और नकारात्मक प्रवृत्तियों पर विजय प्राप्त करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा ने महिषासुर का वध कर धर्म और न्याय की पुनर्स्थापना की थी। मां के नौ स्वरूपों में विनम्रता, साहस, शक्ति, संकल्प, न्याय और धर्म की विजय का भाव निहित है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि आदिशक्ति मां दुर्गा का प्राकट्य देवताओं की सामूहिक ऊर्जा से हुआ था। मां जगतजननी ममता और वात्सल्य की प्रतिमूर्ति हैं, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर वह चंडी का रूप धारण कर अधर्म का विनाश भी करती हैं। नवरात्र का पर्व हमें सज्जनता के साथ शक्ति और संकल्प का सामर्थ्य रखने की प्रेरणा देता है।
प्रभु श्रीराम ने भी की थी मां जगतजननी की आराधना
सीएम योगी ने अपने संदेश में प्रभु श्रीराम की शक्ति साधना का प्रसंग भी साझा किया। उन्होंने कहा कि लंका विजय से पहले प्रभु श्रीराम ने मां जगतजननी की आराधना की थी। मान्यता के अनुसार, पूजा के लिए 108 नीलकमल अर्पित किए जाने थे, लेकिन एक कमल कम पड़ जाने पर प्रभु श्रीराम ने अपना नयन अर्पित करने का निश्चय किया। उनकी इस अटूट भक्ति और संकल्प से प्रसन्न होकर मां जगतजननी ने उन्हें विजय का वरदान दिया था।मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्र केवल धार्मिक अनुष्ठान का पर्व नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को अपने भीतर की नकारात्मकता पर विजय प्राप्त करने और समाज में न्याय, धर्म तथा सकारात्मकता की स्थापना करने का संदेश भी देता है।
आस्था और सांस्कृतिक विरासत का केंद्र बन रहा उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश आस्था, संस्कृति और परंपरा के पुनर्जागरण का सशक्त केंद्र बन रहा है। प्रदेश के प्रमुख शक्तिपीठों मां विंध्यवासिनी, मां पाटेश्वरी और मां शाकुम्भरी के धामों में श्रद्धालुओं की आस्था उमड़ती है। इन धार्मिक स्थलों पर युवाओं की बढ़ती सहभागिता नई पीढ़ी के अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ाव का प्रतीक है।उन्होंने कहा कि नवरात्र जैसे पर्व समाज को अपनी परंपराओं, सांस्कृतिक मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना से जोड़ते हैं। यह अवसर सामाजिक एकता, सकारात्मक ऊर्जा और सामूहिक संकल्प को मजबूत करने का भी माध्यम है।
मिशन शक्ति से महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तीकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में मातृशक्ति की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को विशेष महत्व दिया। उन्होंने कहा कि आदिशक्ति की आराधना तभी पूर्ण होगी, जब प्रदेश की मातृशक्ति सुरक्षित, सम्मानित और आत्मनिर्भर बनेगी। महिलाओं को शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्रतिबद्धता है।
सीएम योगी ने बताया कि वर्ष 2020 में शारदीय नवरात्र के अवसर पर मिशन शक्ति अभियान की शुरुआत की गई थी। इसका उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण को जनभागीदारी से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति सम्मान और उनकी सुरक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, उत्तर प्रदेश पुलिस बल में 44 हजार से अधिक महिलाएं कार्यरत हैं। पुलिस भर्ती में महिलाओं के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है। इसके साथ ही ऊदा देवी पासी, झलकारी बाई कोरी और रानी अवंतीबाई लोधी के नाम पर तीन महिला पीएसी बटालियन गठित की गई हैं। इन पहलों को महिला सशक्तीकरण और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के प्रयासों के रूप में रेखांकित किया गया।
कन्या सुमंगला योजना और स्वयं सहायता समूहों से महिलाओं को संबल
सीएम योगी ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से बालिकाओं की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य को प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में स्वयं सहायता समूहों की भूमिका पर भी जोर दिया।मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रदेश में 10 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर एक करोड़ से अधिक महिलाएं स्वावलंबन की नई गाथा लिख रही हैं। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे महिलाओं को आगे बढ़ाने में सहयोग करें और उनकी सुरक्षा, शिक्षा तथा आत्मनिर्भरता के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
मुख्यमंत्री की अपील- महिलाओं की आवाज बनें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे किसी बहन की सुरक्षा के लिए उसकी आवाज बनें, किसी बालिका की शिक्षा में सहयोग करें और महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की राह में उनका संबल बनें।उन्होंने संदेश दिया कि मातृशक्ति की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से ही विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प की सिद्धि होगी। नवरात्र के इस पावन पर्व पर मां दुर्गा की आराधना के साथ समाज को महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और सहयोग का संकल्प भी लेना चाहिए।


