गांधी जयंती पर सीएम योगी ने किया बापू को नमन, भजनों की प्रस्तुति ने मोहा मन

CM Yogi Gandhi Jayanti: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महात्मा गांधी की 157वीं जयंती पर लखनऊ के जीपीओ में उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। स्कूली बच्चों ने भजनों की प्रस्तुति दी।

Newstrack Network
Published on: 2 Oct 2026 12:16 PM IST (Updated on: 2 Oct 2026 12:19 PM IST)
गांधी जयंती पर सीएम योगी ने किया बापू को नमन, भजनों की प्रस्तुति ने मोहा मन
X

CM Yogi Gandhi Jayanti: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लखनऊ के जीपीओ स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके प्रति अपनी श्रद्धा निवेदित की। कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने विभिन्न भजनों और गीतों की संगीतमयी प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री ने बच्चों की प्रस्तुतियों को सुना।

बच्चों ने भजनों और गीतों की दी प्रस्तुति

महात्मा गांधी की जयंती पर आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने 'रघुपति राघव राजा राम', 'वह शक्ति हमें दो दयानिधे' और 'वैष्णव जन तो तेने कहिए' जैसे भजनों और गीतों की प्रस्तुति दी। बच्चों के इस संगीतमयी प्रस्तुतियों का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रवण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को महात्मा गांधी की जयंती और 'अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस' की शुभकामनाएं दीं।



सोशल मीडिया पर बापू को किया नमन

इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर महात्मा गांधी को नमन करते हुए लिखा कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर संपूर्ण विश्व को स्वदेशी व अहिंसा के माध्यम से स्वाधीनता का संदेश देने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पावन जयंती पर कोटिश: नमन। उन्होंने प्रदेशवासियों को 'अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस' की शुभकामनाएं भी दीं।

सीएम योगी ने आगे लिखा कि बापू के आदर्श, सादगी और विचार आज भी हम सभी को आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में निरंतर मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

जीपीओ में आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राज्यसभा सांसद ब्रजलाल, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, मुकेश शर्मा, लालजी प्रसाद निर्मल, रामचंद्र प्रधान और पवन सिंह चौहान मौजूद रहे।

इसके अलावा डॉ. नीरज बोरा, राजेश्वर सिंह, जय देवी, अमरेश कुमार, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव और भाजपा के महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित अन्य लोग भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story