TRENDING TAGS :
तालिब ने 'राजा' बनकर दलित युवती से किया रेप... शिकायत पर आरोपी के भाइयों ने भी की दरिंदगी, बोले- 'मुसलमान बनो तो करा देंगे शादी'
Lucknow News: लखनऊ की एक दलित युवती ने मोहम्मद तालिब पर फर्जी नाम से तीन साल तक संबंध बनाने, शादी का झांसा देने और धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। आरोपी के भाइयों ने गैंगरेप की कोशिश की और धर्म न बदलने पर जान से मारने की धमकी दी।
Dalit Girl Alleges Rape and Forced Conversion by Man Hiding Muslim Identity in Lucknow Police madiyaon
Lucknow News: उत्तर प्रदेश से धर्मांतरण का खेल खेलने वाले छांगुर बाबा की गिरफ्तारी व उसकी गैंग के खुलासे के बाद राजधानी लखनऊ से धर्मांतरण के मामले तेजी के साथ बढ़ते जा रहे हैं। इसी बीच सोमवार को धर्मांतरण से जुड़ा एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। लखनऊ की एक दलित युवती ने एक मुस्लिम युवक पर 3 साल तक शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। युवती के अनुसार, आरोपी ने खुद को ‘राजा’ बताकर पहचान छिपाई और बाद में मुस्लिम होने का खुलासा किया। आरोपी के गायब होने पर जब पीड़िता उसके घर पहुंची, तो उसके भाइयों ने न सिर्फ मारपीट की बल्कि जबरन संबंध बनाने की कोशिश भी की। धर्म परिवर्तन न करने पर जान से मारने की धमकी दी गई और बुर्का पहनने, नमाज पढ़ने का दबाव बनाया गया। आरोप है कि कमिश्नर ऑफिस में शिकायत देने के बाद मामला मड़ियांव थाने पहुंचा लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।
पहचान छिपाकर युवती को बनाया शिकार
लखनऊ प्रियदर्शिनी कॉलोनी की रहने वाली पीड़िता ने बताया कि वह टेढ़ी पुलिया के कुर्सी रोड स्थित वेदांता हॉस्पिटल में नौकरी की तलाश में गई थी, जहां उसकी मुलाकात मोहम्मद तालिब से हुई। उसने अपना नाम 'राजा' बताया और कहा कि वह उसे बेहतर नौकरी दिला देगा। बाद में उसने एक दिन मड़ियांव थाना क्षेत्र स्थित अजीजनगर के श्री मेंशन बुलाया और कहा कि तुम यही रहो। पीड़िता ने बताया कि कुछ दिन बाद आरोपी तालिब भी वहीं साथ में आकर रहने लगा और कहा कि मेरे घर में लड़ाई झगड़ा चल रहा है, जिसके चलते कुछ दिन यहां रहना है। पीड़िता कुछ दिन रहने की बात पर राजी हो गयी और दोनों साथ रहने लगे।
3 साल तक बनाए शारीरिक संबंध, बाद में हकीकत आई सामने
पीड़िता ने बताया कि इसी बीच नौकरी का झांसा देकर वह वहीं साथ में रुका रहा। साथ रहते हुए 3 वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाता रहा। इस दौरान उसने करीब ढाई लाख रुपये भी कभी नगद तो कभी ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिये अलग-अलग तरीकों से ठगे। तीन साल बाद युवती को शक हुआ कि वह युवक हिंदू नहीं है। जब उसने सच्चाई की पड़ताल की तो पता चला कि ‘राजा’ असल में मोहम्मद तालिब है, जो कि न्यू हैदरगंज, थाना ठाकुरगंज का निवासी है।
मुस्लिम धर्म अपनाने का बनाया दबाव, आरोप- पूजा करने की जगह बुर्का पहनने का दबाव बनाता था तालिब
बताया जाता है कि जब युवती ने इस छल का विरोध किया तो युवक ने उसे उल्टा समझाने की कोशिश की और कहा कि वह मुस्लिम धर्म अपना ले, बहुत खुश रहेगी, और दोनों दुबई जाकर नौकरी करेंगे। तालिब ने पूजा करने से मना किया, व्रत रखने पर ताना मारा और जबरन नमाज पढ़ने और बुर्का पहनने के लिए मानसिक दबाव बनाना शुरू किया। युवती को उसकी धार्मिक आस्था छोड़ने को मजबूर किया गया और उसे इस्लाम कबूल करने की शर्त पर निकाह का झांसा दिया गया। यह पूरा घटनाक्रम सिर्फ व्यक्तिगत धोखे का मामला नहीं रहा, बल्कि अब एक सुनियोजित धर्मांतरण साजिश में बदल चुका था।
विरोध पर भाइयों ने की मारपीट, किया गैंगरेप का प्रयास
पीड़िता ने बताया कि अचानक मोहम्मद तालिब अचानक गायब हो गया, तो पीड़िता उसके घर मदद की आस में पहुंची, लेकिन वहां उसे और बड़ी त्रासदी का सामना करना पड़ा। आरोप है कि तालिब के भाइयों (तारीक और शमशेर) ने पहले तो युवती को गालियां दीं, फिर मारपीट की और बाद में उससे जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। उन्होंने भी वही बात दोहराई कि अगर वह मुस्लिम धर्म अपना लेती है, तो वे उसका निकाह अपने भाई तालिब से करवा देंगे। जब युवती ने धर्मांतरण से साफ इनकार किया तो उसे धमकाया गया कि वह अगर दोबारा घर आई या किसी को कुछ बताया तो जान से मार देंगे। पीड़िता किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकली और इस मामले की शिकायत पुलिस से करने का फैसला लिया।
पुलिस से भी नहीं मिला न्याय, न्याय के लिए भटक रही दलित बेटी
पीड़िता ने लखनऊ पुलिस कमिश्नर कार्यालय में इस पूरे मामले की लिखित शिकायत दी, जहां से जांच के लिए मामला मड़ियांव थाने भेज दिया गया। लेकिन युवती का आरोप है कि मड़ियांव पुलिस ने उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया और न ही अब तक कोई ठोस कार्रवाई की गई है। पीड़िता बाल्मीकि समाज से आती है और उसका कहना है कि उसे जाति, धर्म और आर्थिक स्थिति के आधार पर न्याय से वंचित किया जा रहा है। उसका शारीरिक, मानसिक और धार्मिक शोषण हुआ, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। युवती अब न्याय और सुरक्षा की गुहार लेकर शासन-प्रशासन और मीडिया के दरवाजे खटखटा रही है।


