TRENDING TAGS :
Lucknow News: योगी सरकार का बड़ा राहत पैकेज: आपदा पीड़ितों को 4 लाख तक सहायता
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश और बिजली गिरने से हुए नुकसान पर योगी सरकार ने बड़ा राहत पैकेज घोषित किया। मृतकों के परिजनों को 4 लाख और किसानों को मुआवजा मिलेगा।
Lucknow News(Photo-Social Media)
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में आंधी, अतिवृष्टि और आकाशीय बिजली से हुई जनहानि और फसल नुकसान के बीच योगी सरकार ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों के प्रभारी मंत्रियों को प्रभावित परिवारों से मुलाकात करने और हालात का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि आपदा की इस घड़ी में सरकार पूरी मजबूती के साथ जनता के साथ खड़ी है और राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आपदा में किसी व्यक्ति की मृत्यु होने की स्थिति में परिजनों को तत्काल 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही किसानों, पशुपालकों और अन्य प्रभावित परिवारों को तेजी से राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन को सख्त निर्देश दिए गए हैं। फसल नुकसान के लिए मुआवजा और पशुधन क्षति पर भी आर्थिक सहायता निर्धारित की गई है।
राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों और अपर जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्वयं प्रभावित परिवारों से मिलकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएं। उन्होंने बताया कि राहत आयुक्त कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जा रही है। भारतीय मौसम विभाग की चेतावनी के बाद सचेत पोर्टल के माध्यम से 34 करोड़ 64 लाख रेड और ऑरेंज अलर्ट संदेश आम जनता को भेजे गए हैं। राहत हेल्पलाइन 1070 पर प्राप्त कॉल पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
फसल नुकसान पर मुआवजा भी तय किया गया है। 33 प्रतिशत से अधिक नुकसान पर किसानों को वर्षा सिंचित क्षेत्र में 8,500 रुपये प्रति हेक्टेयर, सुनिश्चित सिंचित क्षेत्र में 17,000 रुपये प्रति हेक्टेयर और 12 माह की फसल तथा कृषि वानिकी के लिए 22,500 रुपये प्रति हेक्टेयर सहायता दी जाएगी। यह सहायता अधिकतम दो हेक्टेयर भूमि तक सीमित होगी।
अतिवृष्टि के कारण खेतों में जमा गाद और मलबा हटाने के लिए 18,000 रुपये प्रति हेक्टेयर तक की सहायता भी प्रदान की जाएगी, जिससे किसान दोबारा खेती शुरू कर सकें। पशुपालकों के लिए भी व्यापक राहत योजना लागू की गई है। दुधारू पशुओं की मृत्यु पर 37,500 रुपये तक, बैल और घोड़े जैसे गैर-दुधारू पशुओं के लिए 32,000 रुपये तथा छोटे पशुओं के लिए 4,000 रुपये प्रति पशु सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। सभी जिलों में पारदर्शी तरीके से सर्वे कर पात्र लोगों को समय पर सहायता दी जाए। सरकार का फोकस है कि प्रभावित परिवार जल्द से जल्द सामान्य जीवन में लौट सकें।


