Lucknow News: CMS संस्थापिका डा. भारती गांधी का 93वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया,नए कैंपस का हुआ उद्घाटन

Lucknow News: CMS की संस्थापिका डा. भारती गांधी का 93वां जन्मदिन हर्षोल्लास से मनाया गया। लखनऊ की महापौर ने उन्हें लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान दिया।

Newstrack Network
Published on: 8 Aug 2026 8:56 PM IST (Updated on: 8 Aug 2026 8:57 PM IST)
Bharti Gandhi 93rd Birthday
X

Bharti Gandhi 93rd Birthday (Image Credit-Newstrack)

लखनऊ, 8 अगस्त। सिटी मोन्टेसरी स्कूल (CMS) के सभी 22 कैंपसों में संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गांधी का 93वां जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हजारों शिक्षकों, कर्मचारियों, अभिभावकों और करीब 65 हजार छात्रों ने विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

मुख्य समारोह CMS गोमती नगर प्रथम कैंपस के ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। यहां रंगारंग शैक्षिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच डा. भारती गांधी ने केक काटकर अपना जन्मदिन मनाया। कार्यक्रम में लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में डा. भारती गांधी के योगदान के लिए लखनऊ नगर निगम की ओर से उन्हें ‘लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान’ प्रदान किया।

महापौर ने डा. भारती गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। उन्होंने कहा कि डा. भारती गांधी के प्रेरणादायी विचारों और नेतृत्व से CMS के छात्र लखनऊ का गौरव देश-दुनिया में बढ़ा रहे हैं।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह में CMS के विभिन्न कैंपसों की प्रधानाचार्याओं, शिक्षकों और अन्य गणमान्य लोगों ने डा. भारती गांधी को शुभकामनाएं दीं। छात्रों ने नृत्य, गायन और विभिन्न शैक्षिक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उनका अभिनंदन किया।



डा. भारती गांधी के व्यक्तित्व और उनके कार्यों पर आधारित प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को शांति, एकता, सद्भाव और सौहार्दपूर्ण समाज के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर डा. भारती गांधी ने सभी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्हें खुशी है कि CMS के शिक्षक, कर्मचारी और छात्र आध्यात्मिकता, चरित्र निर्माण और विश्व एकता की भावना से प्रेरित होकर सामाजिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।

CMS की एमडी प्रो. गीता गांधी किंगडन ने कहा कि स्वर्गीय डा. जगदीश गांधी और डा. भारती गांधी के मार्गदर्शन में CMS ने विश्व स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि डा. भारती गांधी का नेतृत्व और मार्गदर्शन नई पीढ़ी के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण आधार है।

जन्मदिन पर नए CMS जॉपलिंग रोड कैंपस का उद्घाटन

डा. भारती गांधी ने अपने जन्मदिन के अवसर पर नवनिर्मित CMS जॉपलिंग रोड कैंपस का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।



नए कैंपस में आधुनिक शैक्षिक संसाधनों के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर शैक्षिक वातावरण तैयार किया गया है। यहां शिक्षा के साथ उच्च जीवन मूल्यों, एकता और शांति की भावना को भी प्राथमिकता दी गई है।

कैंपस के उद्घाटन के दौरान छात्रों ने नृत्य, गायन और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए डा. भारती गांधी का स्वागत किया। उन्हें अपने बीच पाकर छात्र उत्साहित नजर आए।

22 कैंपसों में ‘ग्रैंडपेरेंट्स डे’ के रूप में मनाया गया जन्मदिन



CMS के हेड, कम्युनिकेशंस ऋषि खन्ना के अनुसार, डा. भारती गांधी का जन्मदिन स्कूल के सभी 22 कैंपसों में ‘ग्रैंडपेरेंट्स डे’ के रूप में मनाया गया। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रैंडपेरेंट्स ने भी हिस्सा लिया।

इस दौरान विद्यार्थियों ने कार्ड मेकिंग, पोस्टर मेकिंग, पत्र लेखन, भाषण, फैशन शो, नृत्य और गायन जैसी गतिविधियों के माध्यम से डा. भारती गांधी के प्रति अपना प्रेम, सम्मान और शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

पूरे दिन CMS के विभिन्न कैंपसों में जन्मदिन समारोहों का आयोजन किया गया। शिक्षकों, छात्रों, अभिभावकों और ग्रैंडपेरेंट्स ने डा. भारती गांधी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story