TRENDING TAGS :
फैजुल्लागंज में बाढ़ बनी चोरों के लिए आपदा में अवसर, खाली घरों पर नजर, एक संदिग्ध दबोचा
गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से फैजुल्लागंज में कई परिवार घर छोड़कर सुरक्षित जगहों पर चले गए हैं। खाली मकानों के ताले टूटने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना से लोगों की चिंता बढ़ गई है।
Lucknow: फैजुल्लागंज में गोमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बड़ी संख्या में लोगों ने अपने घर खाली कर सुरक्षित स्थानों का रुख कर लिया है। बाढ़ के पानी ने जहां लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, वहीं खाली पड़े मकान अब चोरों के निशाने पर आ गए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक कई घरों के ताले टूटे मिले हैं। ऐसे में घर छोड़कर गए लोग भी दिन में कम से कम एक बार अपने मकान की स्थिति देखने के लिए वापस लौट रहे हैं।
बाढ़ प्रभावित इलाकों में पानी बढ़ने के साथ ही चोरी की आशंका ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। जिन परिवारों ने अपना जरूरी सामान लेकर घर छोड़ा है, उन्हें अब पीछे छूटे सामान की सुरक्षा की चिंता सता रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय खाली पड़े घरों के आसपास संदिग्ध गतिविधियां भी नजर आ रही हैं।
ताला टूटने की सूचना पर बढ़ी सतर्कता
सोमवार को स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध युवक को घर में घुसने के आरोप में पकड़ लिया। लोगों ने उसे मौके पर ही घेर लिया और पूछताछ के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद इलाके में लोगों ने अपने स्तर से भी निगरानी बढ़ा दी है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि बाढ़ के कारण पहले ही रोजमर्रा की जिंदगी अस्त-व्यस्त है। कई परिवार घरों को छोड़कर रिश्तेदारों या सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं। ऐसे में यदि खाली मकानों में चोरी की घटनाएं बढ़ती हैं तो लोगों की परेशानी और बढ़ जाएगी।
दिन में एक बार लौटकर देख रहे अपना आशियाना
बाढ़ के कारण घर छोड़ने वाले कई लोग अब रोजाना दिन में एक बार अपने मकान का हाल देखने पहुंच रहे हैं। लोग यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि पानी से घर को कितना नुकसान हुआ और दरवाजे-खिड़कियां सुरक्षित हैं या नहीं। साथ ही सामान की सुरक्षा को लेकर भी परिवारों में चिंता बनी हुई है।
लोगों ने पुलिस से बाढ़ प्रभावित और खाली पड़े इलाकों में गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि आपदा की इस घड़ी में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाढ़ ने पहले ही घर-बार छीनने की स्थिति पैदा कर दी है, अब चोरों का डर लोगों को चैन से रहने नहीं दे रहा।


