रक्षाबंधन से पहले लखनऊ में FSDA का बड़ा एक्शन! नकली मिठाइयों और खाने के सामान की 6.55 लाख की सामग्री जब्त

Lucknow News: रक्षाबंधन से पहले लखनऊ के काकोरी क्षेत्र में मिलावटी मिठाई और खाद्य सामग्री पर बड़ी कार्रवाई। खाद्य विभाग ने 6.55 लाख की 7982 किलो सामग्री जब्त की। जांच के लिए 20 सैंपल भेजे गए। फैक्ट्री सील, खाद्य अधिनियम के तहत कार्रवाई तय।

Hemendra Tripathi
Published on: 6 Aug 2025 8:07 PM IST
Lucknow news
X

Fake Food Factory Busted Before Raksha Bandhan in Lucknow FSDA Seizes Adulterated Goods Worth 6.5 Lakh

Lucknow News: रक्षाबंधन के मौके पर मिठाइयों की दुकानें सजनी शुरू हो जाती हैं, ऐसे में कई नामचीन दुकानों पर नकली व मिलावटी खाद्य सामग्री बेचने का कारोबार भी धड़ल्ले से चलता है। त्योहार से पहले इसी कारोबार को रोकने के लिए FSDA यानी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से अलग-अलग दुकानों पर छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है। इसी कार्रवाई के बीच लखनऊ के काकोरी क्षेत्र के हरदोईया लाल नगर स्थित श्री राधे उद्योग पर FSDA की टीम ने छापेमारी कर नकली, अपमिश्रित व बिना प्रमाणित 7982 किलो खाद्य सामग्री बरामद की गई। जब्त सामग्री की बाजार कीमत करीब 6.55 लाख आंकी गई है। फैक्ट्री में कई ब्रांडेड उत्पादों में मिलावट और लाइसेंस उल्लंघन पाया गया, जिसके चलते मौके पर ही उत्पादन और वितरण पूरी तरह रोक दिया गया। यह कार्रवाई न सिर्फ उपभोक्ता स्वास्थ्य के लिए अहम है, बल्कि यह मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त संदेश भी है।

FSDA की छापेमारी में 7982 किलो नकली खाद्य सामग्री जब्त

FSDA की टीम ने श्री राधे उद्योग पर छापेमारी के दौरान 7982 किलो से अधिक खाद्य सामग्री बरामद की। इनमें स्किम्ड मिल्क पाउडर, नकली तेल, लिक्विड ग्लूकोज, खांडसारी चीनी, मिठाई में प्रयोग होने वाली फिटकरी और ब्रांडेड रिफाइंड के साथ साथ पामोलिन तेल शामिल थे। फैक्ट्री में हेल्थवेज ब्रांड का 243 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर मिला, जिसकी कीमत 72,900 है, वहीं माधव ब्रांड का 1225 किलो पाउडर भी जब्त किया गया। इसके अलावा 2983 किलो फ्रायओला पामोलिन तेल (4,11,654 रुपये) और 2098 किलो लिक्विड ग्लूकोज (88,116 रुपये) जैसी भारी मात्रा में सामग्री बरामद हुई।

लाइसेंस शर्तों का उल्लंघन, खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे गए

फैक्ट्री द्वारा खाद्य लाइसेंस की शर्तों का पालन नहीं किया जा रहा था, न ही भंडारण और उत्पादन की व्यवस्था मानकों के अनुसार थी। ऐसे में FSDA अधिकारियों ने मौके पर ही फैक्ट्री की सारी गतिविधियां बंद कर दीं। 20 खाद्य नमूने राज्य खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी। अधिकारियों के अनुसार, सभी उत्पादों की गुणवत्ता व सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि त्योहारों पर आमजन के स्वास्थ्य से कोई समझौता न हो।

खाद्य सुरक्षा विभाग की अपील: सर्तक रहें, मिलावट से बचें

खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय प्रताप सिंह ने कहा कि रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2006 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे रक्षाबंधन जैसे पर्वों पर प्रमाणित और ब्रांडेड उत्पाद ही खरीदें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या उत्पाद की सूचना तुरंत FSDA को दें। सूत्रों के मुताबिक, यह फैक्ट्री लंबे समय से आसपास के बाजारों में नकली दूध व मिठाइयों की सप्लाई कर रही थी। इस कार्रवाई से त्योहारों पर मिलावट रोकने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

1 / 4
Your Score0/ 4
Hemendra Tripathi

Hemendra Tripathi

Mail ID - Journalist.hemendra@gmail.com

Next Story