Lucknow News: 'लठ और हुक्का-पानी' लेकर लखनऊ में गन्ना आयुक्त कार्यालय का घेराव करने पहुंचे भाकियू अराजनीतिक के किसान, भुगतान की रखी मांग

Lucknow News: गन्ना भुगतान को लेकर भारतीय किसान यूनियन अराजनीतिक के किसानों ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कई प्रमुख कार्यालयों का घेराव करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। गुस्साए किसान प्रदेश के अलग अलग जिलों से हुक्का-पानी, राशन और लठ लेकर लखनऊ पहुंचे और अपना विरोध जाहिर किया।

Hemendra Tripathi
Published on: 5 May 2025 7:18 PM IST
Lucknow News
X

Farmers of Bharatiya Kisan Union Apolitical reached office Sugarcane Commissioner in Lucknow and demanded payment

Lucknow News: सोमवार को गन्ना भुगतान को लेकर भारतीय किसान यूनियन अराजनीतिक के किसानों ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कई प्रमुख कार्यालयों का घेराव करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। गुस्साए किसान प्रदेश के अलग अलग जिलों से हुक्का-पानी, राशन और लठ लेकर लखनऊ पहुंचे और अपना विरोध जाहिर किया। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान किसानों ने प्रदेश की योगी सरकार पर किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाया। बता दें कि किसानों ने लखनऊ के खनन निदेशालय, चकबंदी आयोग के साथ साथ चीनी एवं गन्ना आयुक्त निदेशालय का घेराव किया।

बोले किसान- 'लंबे समय से भुगतान न होने से नाराज है किसान'

लखनऊ के चीनी एवं गन्ना आयुक्त निदेशालय पर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध जाहिर कर रहे भारतीय किसान यूनियन अराजनीतिक के किसानों ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार किसानों को लगातार गुमराह करने का प्रयास कर रही है। लगातार मांगों को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन के बावजूद किसानों का लंबे समय से गन्ने का भुगतान नहीं हो रहा है, जिसके चलते पूरे उत्तर प्रदेश का किसान सरकार से नाराज है। युवा मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी दिगंबर सिंह ने अपने विरोध के बीच कहा कि प्रदेश में जितनी भी चीनी मिल हैं, उनके भुगतान का अभी तक कोई अता-पता नहीं है। उनका आरोप है कि जब भी भुगतान की बात की जाती है, तब निदेशालय के आयुक्त की ओर से अगले साल भुगतान करने की बात कहकर टाल दिया जाता है।

बोले किसान- चकबंदी विभाग में जमकर हो रहा भ्रष्टाचार

किसानों का कहना है कि साल दर साल आयुक्त बदलते है और गद्दी पर बैठने वाले नए आयुक्त नया पाठ पढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि चकबंदी के भीतर भी जमकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। पीड़ित किसानों की जमीनों पर लगातार कब्जे हो रहे हैं। चकबंदी विभाग में पहले चोरी होती थी लेकिन अब डकैती हो रही है। चकबंदी विभाग में तैनात कर्मचारी अब कर्मचारी नहीं बल्कि प्रॉपर्टी डीलर हो गए हैं, जो किसानों की जमीन पर नजरें गड़ाए हुए हैं। मौके पर मौजूद किसान नेता महेंद्र सिंह रंधावा ने कहा कि हम सभी किसान अपने साथ राशन, हुक्का, पानी और मच्छरदानी साथ लेकर आये हैं। जब तक गन्ना भुगतान की मांग पर अंतिम मोहर नहीं लग जाती है, तब तक यहां से नहीं जाएंगे। यदि प्रशासन ने रोकने की कोशिश की तो और भी किसानों को इस आंदोलन में साथ लेने के लिए लखनऊ बुलाया जाएगा।

1 / 8
Your Score0/ 8
Hemendra Tripathi
ABOUT THE AUTHOR

Hemendra Tripathi

Hemendra Tripathi is a former Reporter at Newstrack.com.

Next Story