TRENDING TAGS :
लखनऊ की सड़कों पर ‘बेखौफ’ बदमाशों का आतंक! पॉश इलाके में युवती से छेड़छाड़ और कट्टा लहराकर लूटपाट की कोशिश, FIR दर्ज
Lucknow News: लखनऊ के पीजीआई ट्रॉमा सेंटर के सामने एक युवती के साथ तीन बदमाशों ने छेड़छाड़ की और कट्टा लहराकर चेन लूटने का प्रयास किया। पीड़िता की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपी अभी फरार हैं, पुलिस तलाश में जुटी है।
Girl Molested and Loot Attempted Near PGI Trauma Center Lucknow in Broad Daylight
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में बदमाश अब इतने बेखौफ हो चुके हैं कि दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले इलाके में भी शर्मनाक वारदात को अंजाम देने से नहीं चूकते। कैसरबाग, हजरतगंज, गोमतीनगर के बाद अब पीजीआई इलाके में एक युवती से सरेआम छेड़छाड़ और कट्टा दिखाकर चेन लूटने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पीड़िता सफेद टाटा सफारी से ट्रॉमा सेंटर के सामने से गुजर रही थी, तभी बाइक सवार तीन युवकों ने कार रोककर उसे निशाना बनाया। एक ने उसके साथ अश्लील हरकत की, दूसरा गालियां देता रहा और तीसरा कट्टा लहराकर चेन झपटने की कोशिश करता रहा। ये वारदात सवाल उठाती है कि क्या अब लखनऊ की सड़कों पर महिलाएं सुरक्षित हैं? हालांकि, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन आरोपी अब भी फरार हैं।
PGI इलाके में ट्रॉमा सेंटर के सामने का पूरा मामला
ये पूरी घटना बीते रविवार की है। पीड़िता ने बताया कि जब वह पीजीआई के ऐपेक्स ट्रॉमा सेंटर के सामने से अपनी टाटा सफारी कार से गुजर रही थी, तभी हीरो होंडा डीलक्स (UP33BN6647) पर सवार तीन युवकों ने उसकी गाड़ी का पीछा किया। कार रुकते ही एक युवक ने कार में हाथ डालकर छाती पर हाथ फेरने की शर्मनाक हरकत की और टी-शर्ट खींचने का प्रयास किया। बाकी दो युवक बाइक पर ही खड़े रहे। यह सब दिन के उजाले और भीड़भाड़ वाली जगह पर हुआ।
आरोपियों ने चेन लूटने का भी किया प्रयास
घटना को अंजाम देने वाले युवकों की पहचान शुभम यादव, हिमांशु यादव और अमरिंद्र यादव के रूप में हुई है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी शुभम ने छेड़खानी की, जबकि हिमांशु भद्दी गालियां देता रहा। अमरिंद्र ने कट्टा लहराकर पीड़िता की सोने की चेन लूटने का प्रयास किया। वारदात के बाद अमरिंद्र बाइक छोड़कर फरार हो गया। उनकी बाइक नंबर के जरिए पहचान की गई है।
पीड़िता ने डायल 112 पर दी सूचना, डर के बावजूद दी तहरीर
घटना से डरी-सहमी पीड़िता ने तुरंत हिम्मत दिखाते हुए 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और लड़की की तहरीर पर केस दर्ज किया गया। पीड़िता ने बताया कि वह बहुत डरी हुई थी, लेकिन आरोपियों को सजा दिलाने के लिए उसने हिम्मत जुटाकर एफआईआर दर्ज कराई। पीजीआई पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ट्रॉमा सेंटर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। यह मामला दर्शाता है कि अपराधी अब खुलेआम भीड़भाड़ वाली जगहों पर भी डर नहीं खाते।


