TRENDING TAGS :
गोमती के उफान से फैजुल्लागंज बेहाल, 7 दिन से पानी में फंसे लोगों का फूटा गुस्सा; बंधा रोड लगाया जाम
Lucknow Gomti Flood: गोमती नदी के बढ़ते जलस्तर से लखनऊ के फैजुल्लागंज में सात दिन से जलभराव है। नाराज लोगों ने बंधा रोड पर चक्का जाम कर राहत-बचाव और पेयजल की मांग की।
फोटो- आशुतोष त्रिपाठी
Lucknow Gomti Flood: गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से फैजुल्लागंज क्षेत्र में संकट लगातार गहराता जा रहा है। कई दिनों से जलभराव की मार झेल रहे लोगों का सोमवार शाम धैर्य जवाब दे गया। मिल्लत नगर समेत आसपास के इलाकों के सैकड़ों लोग बंधा रोड पर जमा हो गए और राहत-बचाव में कथित लापरवाही के विरोध में सड़क पर धरना देकर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों के सड़क पर बैठने और लेटने से यातायात बाधित हो गया और दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई।
लोगों का आरोप है कि बाढ़ के पानी में घर डूबे होने के बावजूद उन्हें पर्याप्त पीने का पानी, भोजन और स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सात दिन से हालात खराब हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
(वीडियो- आशुतोष त्रिपाठी)
घर खाली कर गए परिवार, पीछे चोरी का डर
बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में परिवार अपने घरों में ताला लगाकर सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि खाली पड़े मकानों को चोर निशाना बना रहे हैं। कुछ घरों में ताले टूटने और सामान चोरी होने की शिकायतें सामने आई हैं। लोगों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
(फोटो- आशुतोष त्रिपाठी)
नाव बनी सहारा, सिर पर सामान लेकर निकल रहे लोग
फैजुल्लागंज की कई कॉलोनियों में पानी घरों के अंदर तक पहुंच चुका है। कहीं घुटनों तक तो कहीं कमर तक पानी भरा है। ऐसे में परिवार बच्चों और बुजुर्गों को लेकर नावों के सहारे सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं। जिन जगहों पर नाव नहीं पहुंच पा रही, वहां लोग जरूरी सामान और गैस सिलेंडर तक सिर पर रखकर पानी पार करने को मजबूर हैं।
कई लोगों ने घरों में पानी रोकने के लिए दरवाजों पर ईंट और सीमेंट की अस्थायी दीवारें भी खड़ी की थीं, लेकिन जलस्तर बढ़ने के साथ पानी इन अवरोधों को पार कर अंदर पहुंच गया। इससे घरेलू सामान खराब होने के साथ लोगों के सामने दोबारा रहने की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।
(वीडियो- आशुतोष त्रिपाठी)
पीने के पानी का संकट, बिजली भी बंद
बाढ़ग्रस्त इलाकों में बिजली और पेयजल का संकट भी गंभीर हो गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक कई ट्रांसफार्मर पानी में डूब गए हैं, जिसके बाद दुर्घटना की आशंका के चलते बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। दुकानों के बंद होने से पीने का पानी जुटाना भी मुश्किल हो रहा है। लोगों को दूर जाकर पानी खरीदना पड़ रहा है।


