TRENDING TAGS :
लखनऊ में ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, चार मजदूरों की मौत; हाईवे पर मचा हड़कंप
Lucknow: गोसाईगंज के गंगागंज में सुल्तानपुर हाईवे पर ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस हादसे के कारणों और वाहन के ओवरलोड होने की जांच कर रही है।
Tractor Trolley Accident
Lucknow: गोसाईगंज क्षेत्र में शनिवार एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। सुल्तानपुर हाईवे पर गंगागंज के पास ईंटों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे स्टील क्रैश बैरियर से जा टकराई। टक्कर के बाद ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार चार मजदूर उसके नीचे दब गए। हादसे में चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई।
सुबह अंधेरे में पलटी ट्रॉली, मलबे में दबे मजदूर
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली ईंट-भट्ठे से ईंटें लेकर जा रही थी। शनिवार सुबह करीब पौने पांच बजे गंगागंज के पास अचानक चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा। ट्रॉली हाईवे से किनारे की ओर गई और क्रैश बैरियर से टकराकर पलट गई। ट्रॉली के पलटते ही उस पर सवार मजदूर उसके नीचे फंस गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में गोसाईगंज पुलिस के साथ दमकल विभाग और एनएचएआई की टीमें मौके पर पहुंचीं।
क्रेन की मदद से शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
ट्रॉली भारी होने के कारण उसके नीचे दबे मजदूरों को निकालना आसान नहीं था। एनएचएआई की क्रेन बुलाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटाया गया। राहतकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद चारों मजदूरों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोसाईगंज भेजा गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल एक मजदूर को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई।
बाराबंकी के चार परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान 25 वर्षीय संदीप रावत, 35 वर्षीय पीतांबर रावत, 25 वर्षीय पवन रावत और बलराम रावत के रूप में हुई है। सभी बाराबंकी जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीतांबर रावत बाराबंकी के कोठी थाना क्षेत्र के अचकाकामऊ स्थित देशराज के आरबीएफ ईंट-भट्ठे पर ट्रैक्टर चलाता था। बाकी मजदूर ईंटों की लोडिंग और अनलोडिंग का काम करते थे।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव, जांच में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम पसर गया। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली ओवरलोड थी या नहीं और दुर्घटना के पीछे वाहन की रफ्तार, तकनीकी खराबी अथवा सड़क की स्थिति में से कौन-सा कारण जिम्मेदार रहा।


