KGMU में रैगिंग के मामले में 38 MBBS छात्र निलंबित, 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगा

KGMU Ragging Case: लखनऊ के KGMU में जूनियर छात्रों से रैगिंग और मानसिक प्रताड़ना के मामले में 38 MBBS छात्रों को तीन महीने के लिए निलंबित किया गया है। सभी पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया और एक साल की छात्रवृत्ति भी रोक दी गई है।

Ashutosh Tripathi
Published on: 28 Nov 2026 11:44 AM IST
38 MBBS Students Suspended
X

 38 MBBS Students Suspended

KGMU Ragging Case: लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग और मानसिक प्रताड़ना के मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। एंटी रैगिंग कमेटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने कुल 38 MBBS छात्रों को दोषी मानते हुए तीन महीने के लिए कक्षाओं और हॉस्टल से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही सभी दोषी छात्रों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है और उनकी एक साल की छात्रवृत्ति भी रोक दी गई है।

आधी रात को वीडियो कॉल कराते थे डांस, विरोध पर गाली-गलौज

KGMU की एंटी रैगिंग कमेटी की जांच में हॉस्टल के भीतर जूनियर छात्रों के साथ मानसिक प्रताड़ना के कई मामले सामने आए हैं। जांच रिपोर्ट के मुताबिक, सीनियर छात्र रात 12 बजे से सुबह 2 बजे तक जूनियर छात्रों को जगाकर रखते थे। इस दौरान वे वीडियो कॉल करके उन्हें परेशान करते थे और गानों व म्यूजिक की धुन पर डांस करने के लिए मजबूर करते थे।

जांच में सामने आया कि डांस करने से इनकार करने पर जूनियर छात्रों के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया जाता था। इसके अलावा कैंपस और हॉस्टल में जूनियर छात्रों को सीनियर्स के सामने कतार में खड़े होकर या चलते समय 'प्रणाम महोदय' और 'प्रणाम मैडम' कहने के लिए भी विवश किया जाता था।


(viral video)

रैगिंग में सीनियर्स का साथ देने वाले दो जूनियर छात्र भी दोषी

इस मामले में कार्रवाई की जद में सिर्फ सीनियर छात्र ही नहीं आए हैं। जांच के दौरान पता चला कि MBBS 2026 बैच के दो जूनियर छात्र भी रैगिंग कराने में सीनियर्स की मदद कर रहे थे। एंटी रैगिंग कमेटी ने इन दोनों को भी दोषी माना है।

प्रशासन की ओर से जिन 38 छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, उनमें MBBS 2025 बैच के 36 छात्र और MBBS 2026 बैच के दो छात्र शामिल हैं। सभी को तीन महीने के लिए कक्षाओं और हॉस्टल से निलंबित करने के साथ 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। उनकी एक साल की छात्रवृत्ति भी रोक दी गई है।

वायरल वीडियो के बाद शुरू हुई जांच, पहले रैगिंग मानने से कर रहा था इनकार

इस पूरे मामले की शुरुआत 16 नवंबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद हुई थी। वीडियो में जूनियर छात्र-छात्राएं कतार में चलते हुए सीनियर छात्रों को 'प्रणाम महोदय' कहते दिखाई दे रहे थे।

वीडियो और शिकायतें सामने आने के बावजूद शुरुआती दौर में KGMU प्रशासन इस घटना को रैगिंग मानने से इनकार करता रहा था। हालांकि, मामला बढ़ने और शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए एंटी रैगिंग कमेटी ने विस्तृत जांच शुरू की। जांच में जूनियर छात्रों के साथ कथित तौर पर की गई प्रताड़ना के कई तरीके सामने आए।

कुलपति की मंजूरी के बाद जारी हुआ कार्रवाई का आदेश

19 नवंबर को हुई एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक में जांच रिपोर्ट पेश की गई थी। इसमें दोषी छात्रों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने पर सहमति बनी। इसके बाद विश्वविद्यालय के कुलपति की अंतिम मंजूरी मिलने पर प्रशासन ने निलंबन, जुर्माने और छात्रवृत्ति रोकने का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया।

मामले पर KGMU के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय परिसर में जूनियर छात्रों को डराने, धमकाने या अपमानित करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने छात्रों से अपील की कि रैगिंग से जुड़ी किसी भी घटना की जानकारी बिना डर के तत्काल एंटी रैगिंग कमेटी या विश्वविद्यालय प्रशासन को दें।

Ashutosh Tripathi
ABOUT THE AUTHOR

Ashutosh Tripathi

Chief Photojournalist Mail ID - tripathiashutosh88@gmail.comtripathiashutosh88@gmail.com

आशुतोष त्रिपाठी जन्म 17 अप्रैल 1988 एक भारतीय फोटोग्राफर और फोटो जर्नलिस्ट हैं। पत्रकारिता जीवन की शुरुआत बतौर रिपोर्टर वॉइस ऑफ़ मूवमेंट में हुई, इसके बाद 2013 में नव भारत टाइम्स में एक युवा फोटो जर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत थे। आशुतोष त्रिपाठी ने 2007 में एमिटी विश्वविद्यालय से मास्टर इन जर्नलिस्म एंड मास कम्युनिकेशन का कोर्स किया। 2010 में वौइस् ऑफ मूवमेंट अखबार में बतौर रिपोर्टर तीन साल काम किया। इसके बाद 2013 में नव भारत टाइम्स में एक युवा फोटो जर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत थे। 2014 में एक फोटोग्राफर बने और एक साल बाद दैनिक भास्कर उत्तर प्रदेश में सीनियर फोटोजर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत रहे। 2016 से लगातार newstrack.com में चीफ फोटोजर्नलिस्ट के पद पर कार्यरत हैं। 2015 में एक इनके द्वारा की गयी एक बुजुर्ग टाइपिस्ट की स्टोरी ने पूरी दुनिया ख्याति प्राप्त की। 2016 में इन्हें पत्रकारिता जगत में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए नारद पुरुस्कार से सम्मानित किया गया था । 2017 में फोटोग्राफी क्लब ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इंटरनेशनल फोटोग्राफी कम्पटीशन में इन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया । 2019 में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित कुंभ फोटोग्राफी प्रतियोगिता में इन्होंने तृतीय पुरुस्कार मिला था ।।

Next Story