TRENDING TAGS :
लखनऊ में वकीलों के चैंबर पर फिर चलेगा बुलडोजर, भारी पुलिस बल रहेगा तैनात; जानें पूरा मामला
Lawyers Chambers Demolition: लखनऊ में नगर निगम एक बार फिर से वकीलों के अवैध चैम्बर पर कार्रवाई करने जा रहा है। इस बार 100 से ज्यादा अवैध चैंबर पर बुलडोजर चलाए जाएंगे।
Lawyers Chambers Demolition
Lawyers Chambers Demolition: राजधानी लखनऊ में अतिक्रमण किए गए वकीलों के चैंबर पर एक बार फिर बुलडोजर चलेगा। इससे पहले भी अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई थी। इस बार नगर निगम के निशाने पर वकीलों के 100 से ज्यादा अवैध चैंबर हैं। इन सभी चैंबरों को रविवार, 29 नवंबर को बुलडोजर से ध्वस्त करने की तैयारी की गई है। कार्रवाई के दौरान विरोध और हंगामे की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए हैं। नगर निगम ने पुलिस कमिश्नर को पत्र भेजकर भारी पुलिस बल और पीएसी (PAC) की तैनाती की मांग की है।
अदालत के आसपास अतिक्रमण से परेशान लोग
दरअसल, लखनऊ के सिविल कोर्ट और डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के आसपास सड़क और फुटपाथ पर बड़ी संख्या में वकीलों के चैंबर हैं। नगर निगम के मुताबिक इन चैंबर्स की वजह से सड़कों की चौड़ाई कम हो गई है। इसका सीधा असर यातायात व्यवस्था पर पड़ रहा है। अदालत में मुकदमों की सुनवाई के लिए आने वाले वादियों, अधिवक्ताओं और आम लोगों को रोजाना जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। वहीं, फुटपाथ पर कब्जा होने के कारण पैदल चलने वालों को भी परेशानी होती है। नगर निगम का कहना है कि इन कब्जों को हटाकर सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।
इससे पहले भी की जा चुकी है कार्रवाई
नगर निगम ने पहले कुल 200 से अवैध चैंबरों को हटाने की कार्ययोजना तैयार की थी। इसके तहत पहले भी अलग-अलग चरणों में कार्रवाई की जा चुकी है। पहले भी कई चैंबर गिराए गए थे। अब इस सूची में शामिल शेष 100 से ज्यादा चैंबरों को हटाने की तैयारी है। नगर निगम ने इसके लिए 29 नवंबर की तारीख तय की है। अधिकारियों के मुताबिक, इस बार बचे हुए सभी चैंबरों को हटाने का लक्ष्य रखा गया है।
विरोध की आशंका, भारी पुलिस बल और PAC रहेगी तैनात
बुलडोजर कार्रवाई के दौरान वकीलों की ओर से भारी विरोध का सामना करना पड़ सकता है। इसे देखते हुए नगर निगम ने पुलिस प्रशासन से पर्याप्त सुरक्षा बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। पुलिस कमिश्नर को भेजे गए पत्र में भारी पुलिस बल के साथ पीएसी की तैनाती की मांग की गई है।
अपर नगर आयुक्त अविनाश त्रिपाठी के मुताबिक, रविवार को वकीलों के चैंबर ध्वस्त किए जाएंगे। अभियान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पर्याप्त पुलिस बल मांगा गया है, ताकि संभावित विरोध प्रदर्शन की स्थिति में कार्रवाई प्रभावित न हो। इस कार्रवाई के बाद अदालत के आसपास लंबे समय से बनी अतिक्रमण और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।


