लखनऊ में दिखा तेंदुआ... 5 लाख की आबादी में खौफ! 3 शिफ्ट लगातार तलाश कर रहा वन विभाग

Lucknow News: लखनऊ के कैंट क्षेत्र में एक तेंदुए के दिखाई देने से हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो के बाद वन विभाग और सेना की टीमें तीन शिफ्ट में निगरानी कर रही हैं।

Hemendra Tripathi
Published on: 22 Sept 2025 11:11 AM IST (Updated on: 22 Sept 2025 4:23 PM IST)
लखनऊ में दिखा तेंदुआ... 5 लाख की आबादी में खौफ! 3 शिफ्ट लगातार तलाश कर रहा वन विभाग
X

Lucknow News

Lucknow News: राजधानी लखनऊ में कैंट इलाके में गन्ना संस्थान के पास रोड क्रॉस करते हुए हुए तेंदुआ दिखाई दिया, जिसका वीडियो एक कार सवार ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया और फिर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस वीडियो के वायरल होने के बाद इलाके की करीब 5 लाख आबादी को डर के साए में जीना पड़ रहा है। इस मामले की सूचना मिलते ही वन विभाग और कैंट बोर्ड की टीम भी अलर्ट हो गई। टीमों की ओर से पूरे इलाके में कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू हो गया है, ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं और तीन-तीन शिफ्टों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। आर्मी के जवान भी निगरानी कर रहे हैं।


कैमरे में कैद तेंदुए का वीडियो वायरल, पंजों के निशान भी हुए बरामद

आपको बता दें कि राजधानी लखनऊ कैंट इलाके में रविवार तड़के गन्ना संस्थान के पास अचानक तेंदुए के देखे जाने से हड़कंप मच गया। एक कार सवार ने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें एक तेंदुआ सड़क पार कर जंगल की ओर भागता दिखाई दे रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और देखते ही देखते कैंट क्षेत्र की 5 लाख से अधिक आबादी दहशत में आ गई। जैसे ही तेंदुए का वीडियो सामने आया, वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए के पंजों के निशान बरामद किए। इसके बाद पूरे इलाके को हाई अलर्ट पर रख दिया गया। तीन-तीन शिफ्टों में आठ-आठ घंटे की ड्यूटी पर कर्मचारियों को लगाया गया है। इसके अलावा ट्रैप कैमरे भी लगाए गए हैं ताकि तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। आर्मी के जवान भी इलाके में निगरानी कर रहे हैं।


वन विभाग ने लोगों से की अपील, 'रात से घर से बाहर न निकलें'

डीएफओ शितांशु पांडेय ने इस बात की पुष्टि की है कि गन्ना संस्थान के पास तेंदुए के पगचिह्न मिले हैं। उन्होंने बताया कि इलाके की सुरक्षा के लिए लगातार पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। लोगों से अपील की गई है कि रात में अकेले घर से बाहर न निकलें और पालतू जानवरों को सुरक्षित जगह रखें। यदि तेंदुए की फिर से मौजूदगी दिखे तो तुरंत डायल 112 पर सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। बताते चलें कि यह पहली बार नहीं है जब लखनऊ कैंट क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी दर्ज की गई हो। पिछले साल भी इसी इलाके में तेंदुए के पगचिह्न मिले थे और तब भी ट्रैप कैमरे लगाए गए थे। विशेषज्ञों का मानना है कि जंगल से जुड़े ग्रीन कॉरिडोर की वजह से यह इलाका तेंदुओं के मूवमेंट के लिए सुरक्षित रूट बन गया है।


वन विभाग ने जगह-जगह लगाए पोस्टर, लगातार कर रही गश्त

लखनऊ कैंट में तेंदुए की दहशत के बाद वन विभाग ने लोगों को सावधान करने के लिए कई इलाकों में पोस्टर लगाए हैं। इन पोस्टरों में लोगों को अकेले न चलने और शाम के समय घर से बाहर निकलने पर खास सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है। वन विभाग के अधिकारी लोगों से समूह में चलने और बच्चों को अकेले बाहर न भेजने की अपील कर रहे हैं। वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ने के लिए लगातार गश्त कर रही है।

1 / 4
Your Score0/ 4
Hemendra Tripathi
ABOUT THE AUTHOR

Hemendra Tripathi

Hemendra Tripathi is a former Reporter at Newstrack.com.

Next Story