TRENDING TAGS :
हवा में नहीं, एयरपोर्ट पर हुआ 'विमान ब्लास्ट'! आग बुझाने से यात्रियों को बचाने तक चला ऑपरेशन
Lucknow Airport Mock Dril: लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार को विमान में बम विस्फोट और आग लगने जैसी आपात स्थिति का अभ्यास किया गया। करीब दो घंटे चली मॉक ड्रिल में यात्रियों के रेस्क्यू, घायलों को अस्पताल पहुंचाने और एजेंसियों के बीच तालमेल की जांच हुई।
Lucknow Airport Mock Drill
Lucknow Airport Mock Dril: विमान में अचानक बम विस्फोट होता है और कुछ ही पलों में आग की लपटें उठने लगती हैं। विमान के भीतर यात्री फंस जाते हैं। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी के बीच फायर ब्रिगेड, सुरक्षा कर्मियों और बचाव दल की टीमें मोर्चा संभाल लेती हैं। कोई आग बुझाने में जुटता है तो कोई विमान में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश करता है।
हालांकि, यह किसी वास्तविक विमान हादसे या आतंकी घटना का दृश्य नहीं था। बुधवार को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर फुल स्केल एयरोड्रोम इमरजेंसी एक्सरसाइज (मॉक ड्रिल) आयोजित की गई। करीब दो घंटे तक चले इस अभ्यास में विमान में बम विस्फोट के बाद आग लगने जैसी गंभीर आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखा गया।
घायलों को अस्पताल पहुंचाने तक की परखी व्यवस्था
मॉक ड्रिल के दौरान बचाव अभियान के हर जरूरी पहलू का अभ्यास किया गया। केवल आग बुझाने और विमान में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने तक ही प्रक्रिया सीमित नहीं रही, बल्कि घायलों को प्राथमिक उपचार देने और उन्हें अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था का भी परीक्षण किया गया।
बचाव दल ने आपात स्थिति में घायलों की पहचान करने, उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया। इस दौरान यह परखा गया कि किसी वास्तविक घटना में राहत और बचाव कार्य कितनी तेजी से संचालित किया जा सकता है।
आपातकालीन एजेंसियों के बीच तालमेल की हुई जांच
इस फुल स्केल मॉक ड्रिल में एयरपोर्ट की विभिन्न आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों ने हिस्सा लिया। अभ्यास का मुख्य उद्देश्य किसी वास्तविक विमान दुर्घटना या आतंकी घटना के दौरान एजेंसियों की तत्परता, उपलब्ध संसाधनों और आपसी समन्वय को परखना था।
इसके जरिए यह भी जांचा गया कि आपात सूचना मिलने के बाद बचाव अभियान शुरू करने में कितना समय लगता है और अलग-अलग टीमें किस तरह मिलकर काम करती हैं। मॉक ड्रिल के आयोजन के लिए एयरपोर्ट पर पहले से नोटिस टू एयरमेन (NOTAM) भी जारी किया गया था, ताकि संबंधित विमानन इकाइयों को इसकी जानकारी रहे।
इस अभ्यास के माध्यम से एयरपोर्ट प्रशासन ने आपात परिस्थितियों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनकी जान बचाने के लिए अपनी तैयारियों का परीक्षण किया।


