TRENDING TAGS :
भोजपुरी रंग में रंगा लखनऊ, 42वें महोत्सव में जुटे सियासत और लोक संस्कृति के सितारे
Lucknow: लखनऊ में 42वें भोजपुरी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें मनोज तिवारी समेत कई प्रमुख हस्तियां और 50 से अधिक लोक कलाकार भोजपुरी भाषा, लोकगीत और संस्कृति की रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे।
Manoj Tiwari
Lucknow: राजधानी लखनऊ शनिवार को भोजपुरी लोक संस्कृति और संगीत के रंग में रंगने जा रही है। अखिल भारतीय भोजपुरी समाज की ओर से आयोजित 42वें भोजपुरी महोत्सव में लोक कलाकारों के साथ राजनीति और सामाजिक क्षेत्र की कई बड़ी हस्तियां भी शामिल होंगी। कार्यक्रम का आयोजन लोक निर्माण विभाग स्थित विश्वेश्वरैया प्रेक्षागृह में किया जा रहा है।
महोत्सव में दिल्ली से भाजपा सांसद और भोजपुरी अभिनेता-गायक मनोज तिवारी भी पहुंचे। कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। वहीं प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत कई प्रमुख जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रहेगी। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
महोत्सव में भोजपुरी भाषा, लोकगीत और लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित भी किया गया। केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, मनोज तिवारी, सूर्य प्रताप शाही और जयवीर सिंह को ‘भोजपुरी शिरोमणि सम्मान’ से नवाजा जाएगा। इसके अलावा महापौर सुषमा खर्कवाल सहित कई जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और वरिष्ठ पत्रकारों को ‘भोजपुरी रत्न सम्मान’ दिया जाएगा।
कार्यक्रम में भोजपुरी लोकगायक गोपाल राय, असम की चर्चित गायिका कल्पना पटवारी समेत 50 से अधिक लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। दोपहर तीन बजे से शुरू होकर महोत्सव शाम आठ बजे तक चलेगा। आयोजकों का कहना है कि महोत्सव का उद्देश्य भोजपुरी भाषा और संस्कृति की समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। लखनऊ में होने वाला यह आयोजन भोजपुरी समाज के लोगों के लिए सांस्कृतिक मिलन का भी बड़ा मंच बनेगा।


