Lucknow News: लखनऊ में BJP नेता की हत्या, पहले मांगी सिगरेट फिर ईंट-पत्थर से किया हमला

Lucknow News: लखनऊ के गोमतीनगर में भाजपा युवा मोर्चा नेता शिवम सिंह की सिगरेट को लेकर हुए विवाद में हत्या कर दी गई। ईंट-पत्थर से हमला करने के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी की मदद से जांच में जुटी है।

Harsh Sharma
Published on: 28 May 2026 3:45 PM IST
Lucknow News: लखनऊ में BJP नेता की हत्या, पहले मांगी सिगरेट फिर ईंट-पत्थर से किया हमला
X

Lucknow News: लखनऊ में भाजपा युवा मोर्चा के एक नेता की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अयोध्या के धौरहरा निवासी शिवम सिंह (28) के रूप में हुई है। शिवम भाजपा युवा मोर्चा की जिला कमेटी के सदस्य थे। बताया जा रहा है कि वह अपने दोस्तों निलेश और जीशान के साथ पार्टी करने लखनऊ आए थे। घटना 26 मई की देर रात गोमतीनगर के जलवा क्लब के सामने हुई।

सिगरेट मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक पार्टी खत्म होने के बाद शिवम और उनके दोस्त क्लब से बाहर निकले थे। इस दौरान शिवम सड़क किनारे एक गुमटी पर सिगरेट ले रहे थे। तभी बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और शिवम से सिगरेट मांगी। शिवम ने उन्हें एक सिगरेट दे दी, लेकिन आरोपी और सिगरेट मांगने लगे। जब शिवम ने मना किया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने शिवम के साथ मारपीट की। हालांकि कुछ लोगों के बीच-बचाव के बाद मामला शांत हो गया और दोनों पक्ष वहां से चले गए। लेकिन कुछ देर बाद आरोपी दोबारा लौट आए।

कठौता झील के पास हुआ हमला

बताया जा रहा है कि झगड़े के बाद शिवम अपने दोस्तों के साथ कठौता झील के पास पहुंचे थे। इसी दौरान वही युवक फिर वहां आ गए और ईंट-पत्थरों से हमला शुरू कर दिया। हमला होते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। शिवम और उनके दोस्त कार में बैठने की कोशिश कर रहे थे, तभी एक ईंट सीधे शिवम के सिर पर लगी। गंभीर चोट लगने के बाद शिवम वहीं बेसुध होकर गिर पड़े। उनके दोस्त निलेश किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकल गया। बताया जा रहा है कि शिवम करीब आधे घंटे तक सड़क किनारे घायल हालत में पड़े रहे।

राहगीर ने पुलिस और एम्बुलेंस को दी सूचना

सुबह करीब 4 बजे एक राहगीर की नजर शिवम पर पड़ी। उसने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस घायल शिवम को इलाज के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर गई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में बेड खाली नहीं था, इसलिए उन्हें बाद में गोमतीनगर के निजी KNS हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा। इलाज के दौरान शिवम की हालत लगातार गंभीर बनी रही। आखिरकार बुधवार रात करीब 12 बजे उनकी मौत हो गई। शिवम की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।

पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

विभूतिखंड थाना पुलिस ने मृतक के भाई सौरभ सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। इंस्पेक्टर अमर सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने एक आरोपी की पहचान कर ली है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Harsh Sharma

Harsh Sharma

Content Writer Mail ID - harsha4avan@gmail.com

Harsh Sharma is a Content Writer at Newstrack.com.

Next Story